SAPO वेधशाला (सोर्स: सोशल मीडिया)
ठाणे

आदिवासी बहुल शहापुर में बना पहला तारामंडल; SAPO वेधशाला बनी महाराष्ट्र का नया डार्क स्काई जोन

Shahapur SAPO Observatory: ठाणे के आदिवासी बहुल शहापुर में अत्याधुनिक SAPO वेधशाला और तारामंडल बना है। प्रशासन ने इसे महाराष्ट्र का डार्क स्काई जोन बनाने के लिए प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया है।

सूर्यप्रकाश मिश्र, गोरक्ष पोफली

Highlights

  • ठाणे के आदिवासी बहुल शहापुर में अत्याधुनिक वेधशाला और तारामंडल बना है।

  • अधिकारियों ने वेधशाला की दूरबीन से ग्रहों और खगोलीय पिंडों का निरीक्षण किया।

  • प्रशासन ने शहापुर क्षेत्र को नया डार्क स्काई जोन घोषित करने का प्रस्ताव भेजा है।

Maharashtra Dark Sky Zone Shahapur SAPO Observatory: ठाणे जिले का आदिवासी बहुल क्षेत्र शहापुर इस समय में खगोल प्रेमियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। यहां बड़ी और आधुनिक दूरबीनों से सुसज्जित अत्याधुनिक SAPO (सैपो) वेधशाला और तारामंडल बना है।

इस अनूठे प्रकल्प का ठाणे के जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत यादव ने विशेष दौरा किया। इस दौरान स्थानीय विधायक दौलतराव दरोडा, तहसीलदार परमेश्वर कासुले और वरिष्ठ खगोल अभ्यासक डीके सोमण भी उपस्थित रहे।

दूरबीन से देखे शनि के छल्ले और बृहस्पति के चंद्रमा

SAPO वेधशाला के संचालकों ने अतिथियों का स्वागत कर उन्हें खगोलीय गतिविधियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी डॉ. पांचाल और मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत यादव ने अत्याधुनिक दूरबीनों से सूर्य के धब्बों, सौर ज्वालाओं, शनि ग्रह के छल्लों, बृहस्पति के चार प्रमुख चंद्रमाओं और शुक्र ग्रह सहित आकाशगंगा की विभिन्न खगोलीय संरचनाओं का अवलोकन किया।

अंतरिक्ष की इन अद्भुत घटनाओं को करीब से देखकर अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर जिला परिषद स्कूलों के विद्यार्थी और शिक्षक भी मौजूद रहे तथा उन्होंने भी खगोल विज्ञान का प्रत्यक्ष अनुभव लिया। इस खास दौरे का सबसे रोमांचक पहलू अधिकारियों द्वारा पूरी रात दूरबीन के माध्यम से आकाशीय पिंडों का प्रत्यक्ष निरीक्षण करना रहा।

विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने पर जोर

जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल ने कहा कि SAPO जैसे विज्ञान आधारित उपक्रम विद्यार्थियों में खगोल विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होगा और समाज में फैली अंधश्रद्धाओं को दूर करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि शहापुर भविष्य में खगोल प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।

शहापुर को ‘डार्क स्काई जोन’ बनाने की पहल

इस अवसर पर वरिष्ठ खगोल अभ्यासक डीके सोमण ने शहापुर क्षेत्र को महाराष्ट्र सरकार की ओर से ‘डार्क स्काई जोन’ घोषित करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में कृत्रिम रोशनी का प्रभाव नियंत्रित कर स्वच्छ और अंधकारमय आकाश को संरक्षित किया जाए, ताकि तारों और ग्रहों का बेहतर अवलोकन संभव हो सके। साथ ही SAPO तक पहुंचने वाले मार्ग के चौड़ीकरण की आवश्यकता भी उन्होंने बताई।

इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी डॉ. पांचाल ने शहापुर को डार्क स्काई जोन घोषित करने के लिए शासन को शीघ्र प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया। उन्होंने SAPO परियोजना को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग देने की बात भी कही। विधायक दौलतराव दरोडा ने पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़क चौड़ीकरण का काम प्राथमिकता से आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।

युवाओं की पहल से साकार हुआ अनूठा प्रकल्प

शहापुर के युवा संचालक निलेश ठाकुर, गिरीश ठाकुर और राज छेड़ा ने मिलकर SAPO वेधशाला की स्थापना की है। इसका उद्घाटन मानसून से पहले विधायक दौलतराव दरोडा और सोमण की उपस्थिति में हुआ था। खगोल विज्ञान के प्रचार-प्रसार के लिए सोमण अपने महत्वपूर्ण ग्रंथ भी इस परियोजना को भेंट करेंगे।

धामी सरकार के 5 साल में उत्तराखंड को मिले 3 नए मेडिकल-नर्सिंग कॉलेज, CM बोले- हर क्षेत्र तक पहुंचें बेहतर इलाज

जेल में डाल दो, गला घोंट दो... सिर नहीं झुकेगा, पुलिस स्टेशन से बाहर आते ही अभिषेक बनर्जी का तीखा बयान

हसीना को बांग्लादेश भेजने के लिए भारत ने रखीं 2 शर्तें, रिपोर्ट में सहमति बनने का दावा

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को AIIMS से मिली छुट्टी, मॉर्निंग वॉक में हुए थे बेहोश

पंजाब में तीर्थ यात्रियों से भरी दो बसों की भीषण टक्कर, 4 की मौत; 10 की हालत गंभीर