Mira Road Controversy News: मीरारोड पूर्व स्थित पूनम क्लस्टर-1 सोसाइटी में कथित रूप से रखी गई 40 से 50 कुर्बानी की बकरियों को लेकर विवाद गहरा गया है। मामले ने अब सांप्रदायिक तनाव का रूप ले लिया है। भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की ।विधायक मेहता का आरोप है कि पूनम क्लस्टर-1 एक आवासीय इमारत है, जहां लगभग 80 प्रतिशत हिंदू और 20 प्रतिशत मुस्लिम परिवार रहते हैं। आरोप है कि परिसर में अवैध रूप से शेड बनाकर बड़ी संख्या में बकरियां रखी गई हैं, जिससे लगातार शोर और दुर्गंध फैल रही है। इससे सोसाइटी के रहवासी परेशान हैं।
विधायक मेहता ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि पूनम क्लस्टर-1 परिसर में मौजूद कथित बकरियों को हटाकर क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बहाल की जाए। मुख्यमंत्री फडणवीस ने मनपा आयुक्त को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए । इसके बाद इमारत परिसर में बने अवैध शेड पर कारवाई कर वहां से सभी बकरों को अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया गया है।
बता दें कि पिछले दो दिनों से इस मुद्दे को लेकर हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों के बीच विवाद और झड़प जैसी स्थिति बनी हुई थी। विधायक मेहता ने इसे कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक और मनपा आयुक्त राधाविनोद शर्मा को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की थी।
सोमवार देर रात परिसर से बकरियों को हटाने के मुद्दे पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं और मुस्लिम युवकों के बीच हाथापाई हुई। आरोप है कि इस दौरान बजरंग दल के दो कार्यकर्ताओं पर ब्लेड से हमला किया गया। मामले में काशीमीरा पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले ने बताया कि इस प्रकरण में अबुल रहीम शेख (44) को हिरासत में लिया गया है। मंगलवार की सुबह से पूनम क्लस्टर-1 के मुख्य गेट पर भाजपा नगरसेवक नवीन सिंह, बजरंग दल और भाजपा कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन शुरू किया था ।प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि अवैध शेड और बकरों को हटाया जाए तथा हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। हालांकि इमारत परिसर से बकरों को हटाए जाने के बाद परिसर में शांति बहाल हो गई है।
मंगलवार को स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई थी जब बकरों को इमारत परिसर से हटाते नहीं देख बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने वहां सूअर लाकर छोड़ने का प्रयास किया, हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें वहां से खदेड़ दिया और सुअर को अपने कब्जे में ले लिया। बजरंग दल के रूपेश दुबे ने आरोप लगाया कि पुलिस बकरो को हटा नहीं रही और हम वाराह देव कि पूजा यहां करना चाहते तो हम पर लाठियां बरसाई जा रही।
आगामी बकरीद को देखते हुए मीरा-भाईंदर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार के धार्मिक विवाद को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
ये भी पढ़े: अंबेनली घाट या मौत का कुआं? 8 साल में 80 से ज्यादा मौतें; आखिर क्यों इस रास्ते पर काल बन जाते हैं मोड़?
मीरा रोड पूर्व स्थित काशीगांव पुलिस स्टेशन क्षेत्र के जेपी इंफ्रा हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पिछले वर्षों में बकरीद के दौरान कुर्बानी के लिए जानवर लाने को लेकर जेपी इंफ्रा और आसपास के क्षेत्रों में तनाव की स्थिति बनी थी। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार पुलिस ने पहले से ही एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। परिसर में आने वाले हर वाहन की सघन जांच की जा रही है और सत्यापन के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।
पुलिस उपायुक्त राहुल चव्हाण ने बताया कि गंभीर अपराधों में शामिल 100 से अधिक लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। वहीं एक आरोपी को शहर से तड़ीपार भी किया गया है।
बकरीद के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पूरे शहर में 550 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें 80 पुलिस अधिकारी, 470 पुलिस कर्मचारी और महाराष्ट्र सुरक्षा बल के जवान शामिल हैं।