10% कटौती: जल भंडारण की योजना के तहत फैसला।
एसटीईएम: 18 घंटे जलापूर्ति बंद।
एमआईडीसी: 36 घंटे जलापूर्ति बंद।
पानी की परेशानी: शटडाउन के बाद भी कम दबाव से सप्लाई की आशंका।
अपील: पानी का सीमित और जिम्मेदारी से इस्तेमाल करें।
Mira Bhayandar Water Cut Due To Water Crisis: आगामी जल संकट से निपटने के लिए मीरा- भाईंदर महानगरपालिका ने जल भंडारण में 10 प्रतिशत कटौती का निर्णय लिया है। महानगरपालिका के शहर अभियंता दीपक ख़ांबित के अनुसार, बारवी बांध में 31 अगस्त 2027 तक उपलब्ध जल भंडारण की उचित योजना बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
कम वर्षा, अल नीनो के प्रभाव और अक्टूबर 2026 में मानसून की समय से पहले वापसी की आशंका को इसका कारण बताया गया है।
ठाणे जिले के मीरा-भाईंदर शहर में जलापूर्ति दो चरणों में बंद रखी जाएगी, जिससे नागरिकों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। एसटीईएम प्राधिकरण की ओर से होने वाली जलापूर्ति बुधवार सुबह 9 बजे से गुरुवार दोपहर 3 बजे तक बंद रहेगी। इस दौरान कुल 18 घंटे पानी की सप्लाई प्रभावित होगी।
वहीं, महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) की जलापूर्ति गुरुवार दोपहर 12 बजे से शनिवार दोपहर 12 बजे तक बंद रखी जाएगी। यह शटडाउन कुल 36 घंटे का होगा। दोनों जलापूर्ति प्रणालियों के अलग-अलग समय पर बंद रहने के कारण शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में नागरिकों से अपील है कि वे पहले से पर्याप्त पानी जमा रखें और उसका इस्तेमाल जरूरत के अनुसार करें।
जलापूर्ति का शटडाउन समाप्त होने के बाद भी मीरा-भाईंदर शहर में पानी की सप्लाई तुरंत सामान्य होने की संभावना कम है। महानगरपालिका के अनुसार, शटडाउन के बाद कुछ इलाकों में पानी कम दबाव से और देरी से पहुंच सकता है। इससे नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
ऐसे में महानगरपालिका ने लोगों से पानी का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करने की अपील की है। नागरिकों से कहा गया है कि वे पानी की बर्बादी रोकें, उपलब्ध जल भंडारण का उचित उपयोग करें और जरूरत के अनुसार ही पानी खर्च करें, ताकि संभावित जल संकट से निपटने में प्रशासन को सहयोग मिल सके।