उल्हासनगर, म्हारल और वरप में पानी की अनियमित सप्लाई की शिकायतों पर MLA कुमार आयलानी ने अधिकारियों के साथ बैठक की।
MIDC ने बताया कि आठ पंपों से रोजाना 152 एमएलडी पानी की आपूर्ति की जा रही है।
विधायक ने पानी चोरी पर कार्रवाई की मांग पर कदम उठाने को कहा।
Water Supply In Ulhasnagar Mharal Varp: ठाणे जिले में उल्हासनगर के भाजपा विधायक कुमार आयलानी के विधानसभा क्षेत्र के उल्हासनगर, म्हारल और वरप गांवों में पानी कम दबाव के साथ ही अनियमित समय से हो रही पीने के पानी की सप्लाई की भारी शिकायतें रहवासियों द्वारा की जा रही हैं।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आमदार कुमार आयलानी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में एमआईडीसी जलापूर्ति विभाग, उल्हासनगर महानगर पालिका जल विभाग, पंचायत समिति के अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण प्रतिनिधि शामिल हुए।
एमआईडीसी के कार्यकारी अभियंता एस. वी. राउत ने बताया कि ठाणे जिले में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में 8 पंपों के माध्यम से रोजाना 152 एमएलडी पानी की आपूर्ति की जा रही है। बारिश के दौरान कचरे के कारण शटडाउन लेना पड़ा था, जिससे कुछ समय के लिए पानी का दबाव प्रभावित हुआ था।
ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से पानी की आपूर्ति शुरू की जाती है और आगे से म्हारल-वरप सहित सभी ग्रामीण क्षेत्रों में उचित दबाव के साथ पानी दिया जाएगा। आमदार आयलानी ने अधिकारियों को पानी की आपूर्ति नियमित और पर्याप्त दबाव से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कल्याण मुरबाड महामार्ग से एमआईडीसी तक स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने को भी कहा।
बैठक में एमआईडीसी शहाड के जलशुद्धिकरण केंद्र की तरफ जाने वाले मार्ग की दयनीय हालत है। उस खराब सड़क का मुद्दा भी उठाया गया। विधायक कुमार आयलानी ने बताया कि एमआईडीसी क्षेत्र में कंक्रीट सड़क के लिए वे प्रयासरत हैं। अधिकारियों को इस पर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
सड़क के दोनों तरफ कचरा, पानी जमा होने की समस्या को देखते हुए दोनों किनारों पर नाली बनाने का भी आश्वासन दिया। वरप के राजेश भोईर ने पानी चोरी का मुद्दा उठाया और सख्त कार्रवाई की मांग की, जिस पर कुमार आयलानी ने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में कार्यकारी अभियंता एस. वी. राऊत, आर. एस. शिंदे, वरप से राजेश भोईर, हनुमंत भोईर, भाऊ गोंधले, म्हारल से प्रमोद देशमुख, योगेश देशमुख, महेश देशमुख, भरत पाटिल सहित पंचायत समिति के कर्मचारी और ग्रामीण प्रतिनिधि उपस्थित थे।