Maharashtra Farmer Loan Waiver: महाराष्ट्र सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बड़े स्तर पर कदम उठा रही है। राज्य के लगभग 56 लाख किसानों को 48 हजार करोड़ रुपए की कर्जमाफी का लाभ देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। साथ ही किसानों को राहत पहुंचाने के लिए बिजली बिल माफी योजना को भी जल्द प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
यह जानकारी राज्य के सांस्कृतिक कार्य मंत्री एवं मुंबई उपनगर के पालक मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार ने शनिवार को ठाणे भाजपा के विभागीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। ठाणे के वर्तकनगर स्थित भाजपा विभागीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में विधायक माधवी नाईक, उपमहापौर कृष्णा पाटील, गटनेता मुकेश मोकाशी, जिलाध्यक्ष एडवोकेट संदीप लेले, सचिन पाटील सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि सरकारी, सहकारी और राष्ट्रीयकृत बैंकों के माध्यम से कम से कम शर्तों के साथ कर्जमाफी योजना लागू की जाएगी, ताकि पात्र किसानों को समय पर इसका लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि नियमित रूप से ऋण चुकाने वाले किसानों को भी प्रोत्साहन स्वरूप विशेष लाभ दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें:- पिंपरी में PMPML ई-बस सेवा बेहाल, तकनीकी खराबी से ट्रिप रद्द; रोजाना हजारों यात्री परेशान
नीट पेपर लीक मामले में जेन जी की तरफ से शुरू किए गए आंदोलन को लेकर मंत्री आशीष शेलार ने शिवसेना यूबीटी एवं मनसे पर जोरदार हमला किया। उन्होंने ठाकरे बंधुओं पर दोगली भूमिका अपनाने का आरोप लगाते हुए बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना कहकर तंज भी किया।
मंत्री शेलार ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह उनके साथ है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक केस में सीबीआई द्वारा छापे की कार्रवाई भी की जा रही है। सरकार ने परीक्षा परिणाम तुरंत घोषित किए गए ताकि शैक्षणिक सत्र का नुकसान न हो।