कल्याण के मीनाताई ठाकरे डिपो में दो महीने से खड़ी इलेक्ट्रिक बसें सेवा में नहीं आईं।
गोदरेज पार्क रोड पर हर घंटे एक बस आने से यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है।
प्रदीप कुमार त्रिवेदी ने गोदरेज पार्क और झूलेलाल के लिए दो-दो बसें शुरू करने की मांग की।
Kalyan Dombivli Municipal Corporation Godrej Park Bus: कल्याण पश्चिम के मीनाताई ठाकरे बस डिपो में पिछले दो महीनों से इलेक्ट्रिक बसें खड़ी होने के बावजूद, उन्हें यात्री सेवा में नहीं लगाया गया है।
दूसरी ओर, गोदरेज पार्क रोड पर हर एक घंटे पर बसें आने से यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है। इसके अलावा झूलेलाल क्षेत्र के नागरिकों को नियमित बस सेवा नहीं मिल रही है जिससे कल्याण के एक वरिष्ठ नागरिक प्रदीप कुमार त्रिवेदी ने इस समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है।
इस संबंध में उन्होंने कल्याण-डोंबिवली महानगर पालिका प्रशासन और मनपा की महापौर को एक ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने मांग की है कि मीनाताई ठाकरे डिपो में पिछले दो महीनों से खड़ी इलेक्ट्रिक बसों को तत्काल यात्री सेवा में शामिल किया जाए। ज्ञापन में उन्होंने उल्लेख किया है कि इस संबंध में कई आवेदन देने के बावजूद बस सेवा शुरू नहीं की गई है।
गोदरेज पार्क रूट पर फिलहाल केवल एक ही बस चलती है, जो हर घंटे बाद उपलब्ध होती है। इस वजह से यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन का सहारा लेना पड़ता है। झूलेलाल चौक क्षेत्र में भी बसों की संख्या अपर्याप्त है, जिससे नागरिकों को असुविधा होती है। इसके अलावा, कई जगहों पर बस स्टॉप के संकेत न होने के कारण यात्रियों को यह जानकारी नहीं मिल पाती कि बस कहां रुकती है।
गोदरेज पार्क रूट का साइनबोर्ड तो लगा दिया गया है , लेकिन ट्रांसपोर्टरों से यात्रियों को बस स्टॉप के बारे में सही जानकारी न मिलने की शिकायतें भी मिली हैं।
यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए प्रदीप कुमार त्रिवेदी ने कुछ प्रमुख मांगें रखी हैं। कुल चार बसें शुरू की जाएं, जिनमें से दो गोदरेज पार्क रोड के लिए और दो झूलेलाल चौक क्षेत्र के लिए हों, डिपो में खड़ी इलेक्ट्रिक बसों को तुरंत सेवा में लाया जाए और सभी बस स्टॉप पर दिशासूचक चिह्न और गोदरेज पार्क रोड के लिए एक अलग चिह्न लगाया जाए। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि मनपा प्रशासन यात्रियों की सुविधा के लिए नियमित और पर्याप्त बस सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु तत्काल कार्रवाई करेगा ।