ठाणे: विधानसभा चुनाव बीत जाने और निकाय चुनाव से पहले ठाणे में भाजपा और विधायक किसन कथोरे को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के एक बड़े नेता ने इस्तीफा दे दिया और शिवसेना में शामिल हो गए। भाजपा के पूर्व नगरसेवक हेमंत चतुरे ने भाजपा से नाता तोड़ते हुए शिवसेना में प्रवेश किया है। शिवसेना के अध्यक्ष तथा राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में हेमंत चतुरे की प्रवेश प्रकिया हुई। भाजपा के हेमंत चतुरे के शिवसेना में प्रवेश करने से भाजपा के विधायक किसन कथोरे को यह बड़ा झटका बताया जा रहा है।
विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान विधायक किसन कथोरे ने शिवसेना के एक उपशहर प्रमुख को भाजपा में शामिल कराकर शिवसेना के वामन म्हात्रे को अप्रत्यक्ष चुनौती दी थी। इसके बाद शिवसेना के वामन म्हात्रे ने दो दिन पहले बीजेपी के पूर्व नगरसेवक हेमंत चतुरे को भाजपा से फोड़ते हुए उन्हें शिवसेना में शामिल कराकर एक तरह से भाजपा से बदला ले लिया। दिलचस्प बात यह है कि भाजपा विधायक कथोरे का निवास इसी वार्ड में पड़ता है जहां के चतुरे नगरसेवक थे।
विधानसभा चुनाव के दौरान बदलापुर में किसन कथोरे बनाम वामन म्हात्रे विवाद चरम पर पहुंच गया है और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर जुबानी हमला करने की कोशिश करते रहे हैं। विधानसभा चुनाव में मुरबाड विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के किसन कथोरे ने पांचवीं बार जीत हासिल की। लेकिन उसी समय बदलापुर शहर में शिवसेना के शहर प्रमुख वामन म्हात्रे और बीजेपी के किसन कथोरे के बीच विवाद चरम पर पहुंच गया। महाराष्ट्र की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
म्हात्रे ने चुनाव से पहले ही कथोरे की उम्मीदवारी का विरोध करना शुरू कर दिया था। इसलिए जब अभियान पूरे जोरों पर था तो म्हात्रे ने अभियान से दूर रहने का फैसला किया। उसमें विधायक कथोरे ने वामन म्हात्रे के प्रभाव वाले क्षेत्र के उपनगर प्रमुख तेजस म्हस्कर को ही भाजपा में शामिल करा कर एक प्रकार से म्हात्रे को चुनौती दी थी।
तत्कालीन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने म्हात्रे तथा कथोरे के बीच बदलापुर आकर दोस्ती कराते हुए शिंदे ने महायुति धर्म का पालन करने की सलाह म्हात्रे को दी थी। बावजूद इसके शिवसेना के म्हात्रे एवं भाजपा के कथोरे के मन नहीं मिले।