Thane Kalyan Illegal Building: कल्याण-डोंबिवली में अवैध निर्माण का मामला एक बार फिर गरमा गया है। डोंबिवली पश्चिम के राजूनगर इलाके में 14 मंजिल की मंजूरी लेकर 21 मंजिला इमारत खड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मंजूर नक्शे से आगे
जाकर इमारत की 7 अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण किया गया। शिवसेना (शिंदे) के स्थानीय नगरसेवक विकास म्हात्रे ने मामले का खुलासा करते हुए केडीएमसी आयुक्त को दस्तावेज और शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
राजूनगर में संतोष भोईर व अन्य की जमीन पर 'नीता वैती' नामक इमारत का निर्माण किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार केडीएमसी ने इमारत के लिए 14 मंजिल तक निर्माण की अनुमति दी थी। इसके बावजूद कथित तौर पर 21 मंजिल तक निर्माण किए जाने से सवाल उठ रहे हैं कि आखिर
अतिरिक्त सात मंजिलों का निर्माण किसकी अनुमति से हुआ? नगरसेवक विकास म्हात्रे ने मामले में बिल्डर, आर्किटेक्ट और निर्माण प्रक्रिया की निगरानी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि नियमों के विपरीत निर्माण हुआ है तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें:- पुणे में मूसलाधार बारिश का कहर: कई बांधों से छोड़ा गया पानी, नदियां उफान पर; बाढ़ का हाई अलर्ट
मामले में केडीएमसी के नगर रचनाकार संतोष डोईफोडे ने बताया कि संबंधित इमारत के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इमारत की ऊपरी सात मंजिलों को अवैध घोषित किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एमआरटीपी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।