कल्याण-डोंबिवली के तीन अस्पताल अंबरनाथ मेडिकल कॉलेज से होंगे संबद्ध, स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत

KDMC के तीन प्रमुख अस्पतालों को अंबरनाथ शासकीय मेडिकल कॉलेज से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के साथ मेडिकल छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
KDMC
कल्याण-डोंबिवली मनपा (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Kalyan Dombivli News In Hindi: कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

महानगरपालिका के अधीन आने वाले तीन प्रमुख अस्पतालों को अंबरनाथ के शासकीय मेडिकल कॉलेज से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस कदम से स्थानीय नागरिकों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

किन अस्पतालों को किया जाएगा संबद्ध

इस योजना के तहत बाई रुक्मिणीबाई अस्पताल (कल्याण पश्चिम), शक्तिधाम अस्पताल (कल्याण पूर्व) और गौरीपाड़ा अस्पताल (कल्याण पश्चिम) को मेडिकल कॉलेज से जोड़ा जाएगा। इससे अस्पतालों में चिकित्सा सेवाओं का स्तर बढ़ेगा और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता भी बेहतर हो सकेगी।

मेडिकल छात्रों को मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण

महाराष्ट्र सरकार के 14 जुलाई 2023 के शासन निर्णय के अनुसार अंबरनाथ में 100 विद्यार्थियों की क्षमता वाला नया शासकीय मेडिकल कॉलेज और 430 बेड का अस्पताल स्थापित किया जा रहा है। कॉलेज प्रशासन ने छात्रों को व्यावहारिक चिकित्सा प्रशिक्षण देने के लिए KDMC के अस्पतालों का अस्थायी उपयोग करने का प्रस्ताव दिया है।

चरणबद्ध तरीके से लागू होगी योजना

अंबरनाथ मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता ने महानगरपालिका से कम से कम सात वर्षों या कॉलेज की स्वतंत्र इमारत बनने तक एमओयू के तहत अस्पतालों को संबद्ध करने का अनुरोध किया है। सबसे पहले बाई रुक्मिणीबाई अस्पताल को कॉलेज से जोड़ा जाएगा। इस पहल से मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ स्वास्थ्य व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की संभावना है।

Navbharat Live
navbharatlive.com