Bhiwandi Tourist Bus Fire Video: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नासिक रोड स्थित चाविंद्रा इलाके में सड़क किनारे खड़ी एक निजी टूरिस्ट बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चंद ही मिनटों में पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटों को देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और वहां से गुजर रहे वाहन चालकों व स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि इस भयानक हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रात के करीब 12:30 बजे की है। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले सड़क किनारे पार्क की गई बस से गाढ़ा धुआं निकलते देखा। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते या आग बुझाने का प्रयास करते, लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। स्थानीय नागरिकों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को दी।
बस में आग की सूचना मिलते ही निजामपुरा पुलिस टीम और दमकल विभाग की एक गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और करोड़ों की लक्जरी टूरिस्ट बस पूरी तरह जलकर मलबे में तब्दील हो चुकी थी।
मुख्य अग्निशमन कर्मी छगन चौधरी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रात करीब 12:20 बजे कंट्रोल रूम से हमें चाविंद्रा इलाके में एक बस में आग लगने की सूचना मिली थी। हमारी टीम तुरंत मौके पर रवाना हुई। जब हम घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक बस लगभग पूरी तरह जल चुकी थी। हमने तुरंत ऑपरेशन शुरू कर आग को पूरी तरह बुझाया।
यह भी पढ़ें:- नासिक कुंभ मेला टेंडर में 2,270 करोड़ का महाघोटाला? अनिल परब के आरोपों से मचा हड़कंप, जानें पूरा मामला
पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम ने जली हुई बस के भीतर और उसके आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। यह जांच इसलिए की गई ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हादसे के वक्त कोई व्यक्ति या क्लीनर बस के अंदर सो तो नहीं रहा था या कोई फंसा तो नहीं रह गया। काफी देर तक बारीकी से की गई जांच के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली और पुष्टि की कि हादसे के समय बस पूरी तरह खाली थी, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।