TET Paper Leak Protest Maharashtra Youth Congress: महाराष्ट्र में टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) पेपर लीक मामले के विरोध में महाराष्ट्र प्रदेश युवा कांग्रेस ने सोमवार को पुणे स्थित महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (एमएससीई) कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान जब आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर में जबरन प्रवेश करने का प्रयास किया, तो वहां तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया।
इस खींचतान के कारण कुछ समय के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। संगठन ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो व्यापक स्तर पर उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और घोर लापरवाही का कड़ा विरोध किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि टीईटी पेपर लीक होने से सूबे के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है, लेकिन सरकार ने अब तक दोषियों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है। प्रदेश प्रभारी अजय छिकारा ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के कारण लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में डूब रहा है।
यह भी पढ़ें:- पुणे मनपा के मुख्य भवन में लगेगा अजीत पवार का तैलचित्र, पक्ष नेताओं की बैठक में मिली प्रस्ताव को मंजूरी
युवा कांग्रेस ने सरकार से टीईटी पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने, सभी आरोपियों व संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा एक पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग की है।
प्रदेश अध्यक्ष युवा कांग्रेस शिवराज ने बाताया की मोरे परीक्षा व्यवस्था पर छात्रों का भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है। टीईटी पेपर लीक केवल एक परीक्षा की गड़बड़ी नहीं, बल्कि पूरी परीक्षा प्रणाली की विफलता का प्रतीक है, दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की हमारी मांग है।