Sharad Pawar Modi Baug Meeting: महाराष्ट्र की राजनीति के सबसे प्रभावशाली परिवारों में से एक, पवार परिवार, आज पुणे के मोदी बाग स्थित शरद पवार के आवास पर एक साथ नजर आएगा। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (सपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने परिवार के सभी सदस्यों को दोपहर और रात्रि भोज के लिए आमंत्रित किया है। पिछले कुछ समय से चली आ रही राजनीतिक उठापटक और विभाजन के बाद, पूरे कुनबे का एक छत के नीचे आना राज्य के सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
हाल ही में शरद पवार अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने पुणे निवास पर लौटे हैं। बताया जा रहा है कि यह बैठक पूरी तरह से पारिवारिक है। विशेष रूप से सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले की आगामी शादी के उपलक्ष्य में इस स्नेह मिलन का आयोजन किया गया है।
शरद पवार के इस न्योते पर सुप्रिया सुले, सुनेत्रा पवार, पार्थ पवार, युगेंद्र पवार और रोहित पवार सहित परिवार के उन सदस्यों को भी बुलाया गया है जो राजनीति में सक्रिय नहीं हैं। जानकारी के अनुसार, सुनेत्रा पवार फिलहाल मुंबई में हैं लेकिन उन्होंने इस कार्यक्रम के लिए पुणे आने की पुष्टि की है। वहीं, पार्थ पवार के भी शामिल होने की संभावना है। हालांकि, जय पवार के शहर से बाहर होने के कारण उनके इस मिलन में शामिल न होने की खबर है।
ये भी पढ़ें- ‘तरबूज से तौबा’, 4 लोगों की मौत का कारण बने इस फल की वजह से मुंबई में दहशत, विसरा रिपोर्ट का हो रहा इंतजार
शरद पवार के करीबी सहयोगियों ने स्पष्ट किया है कि इस समारोह में किसी भी प्रकार की राजनीतिक चर्चा नहीं होगी। यह पूरी तरह से एक पारिवारिक मेल-मिलाप है। शाम 5 बजे से सदस्यों का मोदी बाग पहुंचना शुरू हो जाएगा। गौर करने वाली बात यह है कि राजनीतिक रूप से दो अलग गुटों में बंटने के बाद भी पवार परिवार अक्सर सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में अपनी एकजुटता प्रदर्शित करता रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भले ही इसे 'गैर-राजनीतिक' बताया जा रहा हो, लेकिन चुनाव से ठीक पहले सुनेत्रा पवार और शरद पवार का एक ही मेज पर भोजन करना कार्यकर्ताओं के बीच एक अलग संदेश जरूर देगा। कल शरद पवार मुंबई के लिए रवाना होंगे, उससे पहले आज की यह 'डिनर डिप्लोमेसी' सुर्खियां बटोर रही है।