Highlights:
कोल्हापुर में गन्ना मूल्य आंदोलन के बाद किसानों को 4,200 रुपए प्रति टन देने का फैसला।
पहली किस्त में 3,900 रुपए, मिल बंद होने पर 100 और अगले पेराई सत्र से पहले 200 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।
राजू शेट्टी ने महाराष्ट्र के अन्य जिलों की चीनी मिलों से भी यही दर देने की मांग की।
Kolhapur Sugarcane Protest: कोल्हापुर में गन्ना मूल्य आंदोलन के बाद किसानों को प्रति टन 4,200 रुपए देने का फैसला हुआ है। अब अन्य जिलों की चीनी मिलों को भी किसानों को यही दर देनी होगी। किसान अपने हक के लिए एकजुट होकर संघर्ष करें और भेड़-बकरियों की तरह व्यवहार करना छोड़ सड़क पर उतरें। यह आह्वान स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के संस्थापक अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने किया।
आंबेगांव तहसील के पिंपलगांव खड़की में पुणे जिला स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के अध्यक्ष प्रभाकर बांगर के पिता के निधन पर उनके परिवार से मुलाकात करने पहुंचे शेट्टी ने मीडिया से बातचीत में गन्ना मूल्य, किसानों की आर्थिक स्थिति और सरकार की नीतियों पर नाराजगी जताई।
राजु शेट्टी ने बताया कि कोल्हापुर में आंदोलन के बाद तय व्यवस्था के अनुसार किसानों को पहली किस्त में 3,900 रुपए प्रति टन मिलेंगे। इसके बाद चीनी मिल बंद होने पर 100 रुपए और अगले पेराई सत्र से पहले 200 रुपए प्रति टन अतिरिक्त दिए जाएंगे। इस तरह किसानों को कुल 4,200 रुपए प्रति टन मिलेंगे। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था केवल कोल्हापुर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। अन्य जिलों के चीनी मिल मालिकों को भी किसानों को यही दर देनी होगी।
राजू शेट्टी ने कहा कि किसान खून-पसीना बहाकर फसल तैयार करते हैं, लेकिन अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए उन्हें आंदोलन करना पड़ता है। किसानों को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठानी चाहिए।
उन्होंने गन्ना मूल्य के मुद्दे पर एकजुटता दिखाने और आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की अपील की। इस अवसर पर विश्वविख्यात कीर्तनकार बाजीराव महाराज बांगर, प्रमोद खांडगे, तुकाराम गावडे, वनाजी बांगर, बालासाहेब बांगर, दत्तात्रय बांगर, हरिभाऊ बांगर, संतोष बांगर और प्रकाश कोलेकर सहित अन्य उपस्थित थे।
राज्य सरकार की नीतियों पर भी असंतोष जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के बजाय समस्याओं की अनदेखी कर रही है।