कोर्ट की सुरक्षा ऑडिट तीन महीने तक लंबित रही।
गोलीबारी के बाद गुरुवार को सुरक्षा ऑडिट पूरा।
32 CCTV कैमरों में कुछ बंद, जांच होगी सख्त।
हमले के 6 आरोपियों को 6 दिन की पुलिस हिरासत।
Pune Shivajinagar Court Security Audit: पुणे शिवाजीनगर जिला एवं सत्र न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था का ऑडिट तीन महीने तक लंबित रहा। अगस्त में जेल में बंद आरोपी तक गांजा पहुंचाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने न्यायालय की सुरक्षा का ऑडिट कराने की घोषणा की थी, लेकिन इस पर अमल नहीं हुआ। बुधवार को न्यायालय परिसर के बाहर आरोपी पर गोलीबारी और धारदार हथियारों से हमला कर हत्या का प्रयास किए जाने के बाद पुलिस प्रशासन की नींद खुली।
गुरुवार को आनन-फानन में सुरक्षा ऑडिट किया गया। तीन महीने पहले गांजा आपूर्ति का मामला सामने आने के बाद न्यायालय की सुरक्षा में गंभीर खामियां उजागर हुई थीं। इसके बाद प्रवेश द्वारों पर जांच सख्त करने और पूरे परिसर का सुरक्षा ऑडिट कराने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। बुधवार की घटना ने एक बार फिर न्यायालय परिसर की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
न्यायालय परिसर में मेट्रो और निर्माण कार्य के चलते सुरक्षा व्यवस्था में ढील दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, निर्माण कार्य सुरक्षा में लापरवाही का कारण नहीं हो सकता। न्यायालय आने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की जांच, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर तथा सीसीटीवी कैमरों का सुचारु संचालन जरूरी है।
घटना के बाद गुरुवार को पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने जिला न्यायाधीश ए.एस. शेंडे से मुलाकात की। इस दौरान सह पुलिस आयुक्त संजय दराडे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश बनसोडे और संजय पाटाल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। बाद में अधिकारियों ने न्यायालय परिसर का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और सुरक्षा संबंधी कमियों की जानकारी ली।
न्यायालय परिसर के प्रवेश द्वारों पर पुणे पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने और आवश्यक स्थानों पर बैरिकेड लगाने पर चर्चा हुई। वाहनों और व्यक्त्तियों की जांच सख्त की जाएगी, परिसर में 32 सीसीटीवी कैमरे हैं। इनमें से बंद कैमरों को चालू करने और कैमरों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया गया है।
पुणे शहर शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर गेट नंबर 4 के पास हुए गोलीबारी और कोयते से जानलेवा हमले में घायल मंदार किवले का ससून अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस मामले में पकड़े गए 6 आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें 6 दिन की पुलिस हिरासत में लेने के आदेश दिये। मंदार किवले की वकील शुभांगी परुलेकर ने बताया कि शिवाजी नगर पुलिस ने 10 दिन की रिमांड मांगी थी, जिस पर अदालत ने 6 दिन की पुलिस कस्टडी दी।
न्यायालय का सुरक्षा ऑडिट पूरा कर 66 उसकी जानकारी प्रशासन को दी गई है परिसर में लगे 32 सीसीटीवी कैमरों में से कुछ बंद हैं। उन्हें चालू करने और नए कैमरे लगाने पर चर्चा हुई है। पार्किंग व्यवस्था मजबूत करने के साथ न्यायालय आने वाले वाहनों और व्यक्तियों की जांच भी सख्त की जाएगी। सुरक्षा संबंधी उपायों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाएगा।अमितेश कुमार, पुलिस आयुक्त, पुणे