पुणे म्हाडा लॉटरी के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि अब 22 अक्टूबर तक बढ़ाई गई।
डोमिसाइल और आय प्रमाणपत्रों के ऑनलाइन सत्यापन में आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण लिया गया फैसला।
अब तक इस योजना के तहत 1.65 लाख से अधिक लोगों ने कराया है रजिस्ट्रेशन।
Pune MHADA Lottery 2026: म्हाडा की पुणे गृहनिर्माण व क्षेत्रविकास मंडल की 15 प्रतिशत सामाजिक और 20 प्रतिशत समावेशी आवास योजना के तहत अपार्टमेंटो के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की समयसीमा बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक आवेदक 22 अक्टूबर 2026 की रात 11।59 बजे तक आवेदन जमा कर सकेंगे। डोमिसाइल प्रमाणपत्र और आय प्रमाणपत्रों के ऑनलाइन सत्यापन में आ रही दिक्कतों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
म्हाडा की ओर से इन दोनों योजनाओं के लिए 24 अगस्त 2026 को विज्ञापन जारी किया गया था। इसी दिन दोपहर 12 बजे से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई थी। अब तक कुल 1 लाख 65 हजार 28 आवेदकों ने पंजीकरण कराया है इनमें से 1 लाख 1 हजार 811 आवेदकों ने अनामत राशि भी जमा कर दी है।
आवेदन प्रक्रिया के तहत आवेदकों को IHLMS 2.0 प्रणाली पर डोमिसाइल प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र और आयकर रिटर्न ऑनलाइन अपलोड करना होता है। डोमिसाइल और आय प्रमाणपत्रों का सत्यापन MahalT प्रणाली के माध्यम से, जबकि आयकर रिटर्न का सत्यापन आयकर विभाग द्वारा ऑनलाइन किया जाता है।
इस प्रक्रिया में अपेक्षा से अधिक समय लगने के कारण म्हाडा ने पहले आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 15 अक्टूबर 2026 की रात 11.59 बजे तक की थी। हालांकि, MahalT प्रणाली के माध्यम से प्रमाणपत्रों के सत्यापन में आ रही तकनीकी दिक्कतों के चलते बड़ी संख्या में आवेदन अब भी लंबित हैं।
पुणे म्हाडा के अनुसार, फिलहाल 3,872 डोमिसाइल प्रमाणपत्र और 9,142 आय प्रमाणपत्रों का सत्यापन बाकी है। इस तरह कुल 13,014 प्रमाणपत्रों की जांच लंबित है इस स्थिति को देखते हुए आवेदकों को दस्तावेजों का सत्यापन पूरा कराने और ऑनलाइन आवेदन जमा करने के लिए 22 अक्टूबर 2026 की रात 11.59 बजे तक अतिरिक्त समय दिया गया है।
- नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट