पुणे : मध्य प्रदेश सरकार राज्य में निवेश को बढ़ाने के लिए इंटरएक्टिव सेशन कर रही है। इसके जरिए वह देश भर के उद्यमियों के साथ सीधा संवाद कर रही है और 24 से लेकर 25 फरवरी तक भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए देश भर के निवेशकों को आमंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। इसी सिलसिले में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बुधवार को पुणे पहुंचे और उन्होंने राज्य के निवेशकों और उद्योगपतियों से सीधा संवाद किया।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ऑटोमोबाइल, आईटी, पर्यटन, विनिर्माण, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण तथा इंजीनियरिंग के साथ-साथ लॉजिस्टिक उद्योग समेत अन्य सेक्टर के कई उद्योगपतियों को मध्य प्रदेश में आने और निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान नवभारत के ब्यूरो चीफ शैलेंद्र सिंह ने उनसे खास बातचीत की, जिसमें उन्होंने मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर खुलकर बातचीत की।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बोले- ''पुणे से मध्य प्रदेश में निवेश के लिए बहुत अच्छा रिजल्ट मिला है। मध्य प्रदेश में स्थाई सरकार और उद्योग के लिए अनुकूल परिस्थितियों को देखते हुए तमाम उद्योगपतियों ने मध्य प्रदेश में निवेश करने के लिए प्रस्ताव भेजने शुरू कर दिए हैं।''
सेशन के बारे में जानकारी देते हुए बताया जा रहा है कि इस इंटरएक्टिव सेशन में 300 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए, जिसमें पूरे के एवं आसपास के कई क्षेत्रों के निवेशकों ने अपनी सहभागिता और सहमति जताई। मुख्यमंत्री ने इस दौरान 30 से अधिक उद्योगपतियों से वन टू वन मीटिंग की, जिसमें बाबा कल्याणी, डॉक्टर अभय फिरोदिया, सुधीर मेहता, राकेश नवानी, रजनीकांत बेहरा, तरुण सिंहा, अश्वनी मल्होत्रा, हिरोशी योशीजेन जैसे तमाम दिग्गज शामिल हैं।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने निवेशकों के साथ लगभग 2 घंटे से अधिक समय तक वन-टू-वन चर्चा की और 30 से अधिक कंपनियों से विस्तार से निवेश की संभावनाओं और उसके लिए बनने वाले सकारात्मक माहौल पर चर्चा की। देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी भारत फोर्ज लिमिटेड मध्य प्रदेश आईटीआई के साथ मिलकर शिक्षा और मैन्युफैक्चरिंग में निवेश करेगी। इसके अलावा देश की एक वैश्विक ऑटो कंपनी फोर्स मोटर अंतरराष्ट्रीय स्तर के वाहन पीथमपुर में बनाने की योजना पर काम कर रही है।
पिनेकल मोबिलिटी मध्य प्रदेश के लोक परिवहन के क्षेत्र में अपने इलेक्ट्रिक वाहन का उपयोग करेगा। इसके साथ ही विनिर्माण इकाई में भी निवेश करने की योजना पर काम कर रहा है। जर्मनी का जेडएफ ग्रुप पीथमपुर स्थित इकाई का विस्तारीकरण करेगा। ऑटो नेक्स्ट कंपनी इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर निर्माण हेतु निवेश करने की योजना बना रही है। पवन ऊर्जा कंपनी सुजलान एनर्जी प्रदेश में 2.5 गीगावॉट का नवीकरणीय ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने वाली है।