पुणे ग्रैंड साइकिल टूर 2027 के लिए 136 KM सड़कें होंगी विकसित।
सड़क सुधार पर जीएसटी सहित 168 करोड़ रुपये खर्च करेगी मनपा।
26 से 31 जनवरी तक होगी प्रतियोगिता, सड़कों की गुणवत्ता की 10 साल की गारंटी।
Pune Grand Cycle Tour 68 Crore Road Development Project: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुणे की पहचान मजबूत करने के लिए जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली 'पुणे ग्रैंड साइकिल टूर' प्रतियोगिता की तैयारियां तेज हो गई है। इस प्रतियोगिता के लिए पुणे महानगरपालिका (मनपा) शहर की 136 किलोमीटर लंबी सड़कों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करेगी।
इन कार्यों पर जीएसटी सहित 168 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मनपा की स्थायी समिति ने सड़क विकास कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही इन कार्यों का रास्ता साफ हो गया है।
यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 26 से 31 जनवरी 2027 तक आयोजित की जाएगी। इसमें देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में साइकिल खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का मार्ग पुणे शहर, पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका, पुणे महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (पीएमआरडीए) और जिले के अन्य क्षेत्रों से होकर गुजरेगा।
इसके लिए संबंधित प्रशासन अपने-अपने क्षेत्र में सड़कों को दुरुस्त करने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम करेंगे। सड़क विकास के लिए पुणे मनपा ने चार अलग-अलग पैकेज में निविदाएं जारी की थीं। इन कार्यों की जिम्मेदारी चार कंपनियों को सौंपी गई है। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और निर्धारित समय में काम पूरा होने की निगरानी के लिए एक स्वतंत्र सलाहकार भी नियुक्त किया गया है। मनपा का लक्ष्य प्रतियोगिता शुरू होने से पहले पूरे मार्ग को तैयार करना है।
पिछले वर्ष आयोजित पहली साइकिल प्रतियोगिता के लिए मनपा ने 52 किलोमीटर लंबी सड़कों का विकास किया था। इस बार प्रतियोगिता का दायरा बढ़ने के कारण 84 किलोमीटर अतिरिक्त सड़कों को इसमें शामिल किया गया है। इस तरह कुल 136 किलोमीटर सड़कों को प्रतियोगिता के अनुकूल बनाया जाएगा।
पुणे शहर की कई सड़कों पर अलग-अलग समय में कई बार डामरीकरण और मरम्मत के काम किए गए है। इसके कारण कहीं सड़क ऊंची तो कहीं नीची हो गई है। इससे तेज गति से साइकिल चलाने वाले खिलाड़ियों के लिए दुर्घटना का खतरा पैदा हो सकता है।
प्रतियोगिता के लिए 136 किलोमीटर लंबे मार्ग की सड़कों को दुरुस्त करने और आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के लिए 168 करोड़ रुपये की निविदाओं को मंजूरी दी गई है। मनपा का प्रयास है कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन से पहले सभी सड़कें बेहतर स्थिति में हो, ताकि खिलाड़ियों को सुरक्षित और बाधारहित मार्ग उपलब्ध कराया जा सके।श्रीनाथ भीमाले, अध्यक्ष, स्थायी समिति
जरूरत के अनुसार कुछ स्थानों पर सड़क की खुदाई कर दोबारा डामरीकरण किया जाएगा। गड्ढों की मरम्मत के साथ सड़क को समतल और सुरक्षित बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इन सड़क विकास कार्यों के लिए 10 वर्ष का दोष दायित्व काल निर्धारित किया गया है। इस अवधि में सड़क की गुणवत्ता में किसी तरह की खामी सामने आने पर उसे ठीक करने की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदारों की होगी। इससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
वहीं, पुणे ग्रैंड टूर 2027 के मद्देनजर शहर में चल रहे विकास और बुनियादी सुविधाओं के कार्य निर्धारित समय में पूरे करने के निर्देश मनपा आयुक्त नवल किशोर राम और जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने दिए हैं। पैकेज 1 से 4 के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित कामों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया। मेट्रो, एमएनजीएल और महावितरण सहित सभी संबंधित कंपनियों को 20 नवंबर 2026 तक खुदाई के कार्य पूरे करने होंगे।