मतदान की तारीख: शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026
समय: सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक
जिले: पुणे, सोलापुर, सातारा, सांगली और कोल्हापुर
कुल मतदान केंद्र: 1,051
मतदान कर्मचारी: लगभग 7,500
स्नातक मतदाता: 3,88,019
शिक्षक मतदाता: 61,940
मतगणना: 27 अक्टूबर को पुणे के बालेवाड़ी में
Pune Teachers Constituency Election Voting 2026: पुणे विभाग के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान होगा। पुणे, सोलापुर, सातारा, सांगली और कोल्हापुर सहित पांच जिलों के 1,051 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा।
चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके लिए करीब 7,500 मतदान कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 741 मतदान केंद्रों पर 3 लाख 88 हजार 19 मतदाता पंजीकृत हैं।
वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 310 केंद्रों पर 61 हजार 940 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर कुल 4 लाख 49 हजार 959 मतदाता मतदान के पात्र हैं।
जिलावार आंकड़ों के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कोल्हापुर जिले में सबसे अधिक 1 लाख 14 हजार 562 मतदाता हैं। इनके लिए 212 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सांगली में 88 हजार 70 मतदाताओं के लिए 159 केंद्र, जबकि पुणे में 88 हजार 202 मतदाताओं के लिए 160 केंद्रों की व्यवस्था की गई है।
सोलापुर में 49 हजार 722 मतदाताओं के लिए 117 और सातारा में 47 हजार 463 मतदाताओं के लिए 93 केंद्र बनाए गए हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में पुणे जिले में सबसे अधिक 16 हजार 882 मतदाता हैं, जिनके लिए 72 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
सोलापुर जिले में 15 हजार 303 मतदाताओं के लिए 76, सातारा में 12 हजार 299 मतदाताओं के लिए 70, सांगली में 9 हजार 454 मतदाताओं के लिए 44 और कोल्हापुर में 8 हजार 62 मतदाताओं के लिए 48 मतदान केंद्रों की व्यवस्था की गई है।
मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी 1,051 मतदान केंद्रों पर रैंप, पेयजल, बिजली, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, मेडिकल किट, सहायता कक्ष और स्वयंसेवकों की व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों पर कतारों का उचित प्रबंधन करने के भी निर्देश दिए गए हैं। मतदाता सूची में अपना नाम खोजने के लिए प्रशासन ने मतदाता खोज पोर्टल उपलब्ध कराया है।
चुनाव आचार संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 30 फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, पांचों जिलों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त किया गया है।
दोनों निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना मंगलवार, 27 अक्टूबर को पुणे जिले के बालेवाड़ी स्थित श्री शिवछत्रपति खेल परिसर के बैडमिंटन हॉल में होगी। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के लिए तीन कतारों में 42 टेबल, जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए पांच कतारों में 100 टेबल लगाए जाएंगे।
प्रत्येक टेबल पर मतगणना पर्यवेक्षक और सहायक नियुक्त किए गए हैं। विभागीय आयुक्त एवं निर्वाचन निर्णय अधिकारी शीतल तेली उगले ने सभी पात्र स्नातक और शिक्षक मतदाताओं से चुनाव प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की है।
- नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट