Pune Ganesh Festival: लाडले आराध्य गणपति के आगमन को लेकर पुणे में उत्साह चरम पर पहुंच गया है। सोमवार को गणेश मूर्ति स्थापना से पहले रविवार को शहर के प्रमुख बाजारों में अंतिम दौर की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में पुणेकर पहुंचे।
आसमान में बादल और बीच-बीच में होती बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को कम नहीं कर सकी।
तुलसीबाग, मंडई, रविवार पेठ, लक्ष्मी रोड और कुमठेकर रोड परिसर में सुबह से ही पूजा सामग्री, फूल, हार, तोरण और सजावटी वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की कतारें दिखाई दीं। कई परिवारों ने बप्पा के स्वागत की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार का पूरा दिन बाजार में बिताया।
गणेश स्थापना के लिए जरूरी सामग्री की खरीदारी को लेकर बाजारों में विशेष रौनक रही। कपूर, अगरबत्ती, हल्दी-कुंकू, अष्टगंध, सिंदूर, बुक्का, फुलवाती, कपास, समई की बत्ती और आरती पुस्तिकाओं की मांग बढ़ी है। इसके अलावा पूजा के लिए व्रत सामग्री, आसन, उपरणे और अन्य धार्मिक सामान भी लोगों ने खरीदा।
गणराय के स्वागत के लिए फूलों की मालाओं, कृत्रिम फूलों और सजावट की विभिन्न वस्तुओं की दुकानों पर भी अच्छी भीड़ रही।
इस साल पूजा सामग्री की कीमतों में करीब 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि के साथ परिवहन और अन्य खर्च बढ़ने का असर बाजार भाव पर पड़ा है। हालांकि, कीमतें बढ़ने के बावजूद गणराय के स्वागत को लेकर लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी।
अंतिम समय में खरीदारी करने वाले ग्राहकों के लिए तैयार पूजा सामग्री बॉक्स आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। एक ही पैकेट में गणेश पूजा के लिए जरूरी अधिकांश सामग्री उपलब्ध होने से इनकी मांग बढ़ी है। हल्दी-कुंकू, फुलवाती, कपास, कपूर और अष्टगंध समेत कई जरूरी सामग्री इन बॉक्स में शामिल हैं।
व्यापारियों के अनुसार गणेश पूजा सामग्री बॉक्स करीब 400 रुपये, जबकि सत्यनारायण पूजा बॉक्स 300 से 450 रुपये तक उपलब्ध हैं। समय बचाने और एक साथ पूरी सामग्री मिलने के कारण ग्राहक इन्हें प्राथमिकता दे रहे हैं।
गणेश आगमन से ठीक एक दिन पहले बाजारों में भीड़ बढ़ने की एक वजह उन लोगों की खरीदारी भी रही, जो नौकरी और व्यवसाय के कारण पहले बाजार नहीं पहुंच सके थे। रविवार की छुट्टी के कारण बड़ी संख्या में नागरिक परिवार के साथ खरीदारी करने निकले। ग्राहकों की सुविधा के लिए कुछ दुकानदारों ने ऑनलाइन माध्यम से भी पूजा सामग्री उपलब्ध कराई है।