Pune Metro Airport Connectivity: महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी और आईटी हब पुणे की यातायात व्यवस्था को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। लोहगांव स्थित अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने का रास्ता साफ हो गया है। पुणे के सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने एयरपोर्ट मेट्रो कनेक्टिविटी के लिए सबसे व्यवहारिक और तकनीकी रूप से सक्षम रूट को मंजूरी दे दी है। इससे हवाई यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है।
पुणे में एक उच्च स्तरीय बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने 16 प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की। एयरपोर्ट मेट्रो के लिए छह विभिन्न मार्गों पर विस्तृत चर्चा के बाद अंतिम रूट तय किया गया। यात्रियों की सुविधा, लागत और तकनीकी व्यवहार्यता को ध्यान में रखा गया है। खड़कवासला से हिंजवडी मेट्रो रूट के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश भी दिए।
खडकवासला से हिंजवडी मेट्रो रूट
बैठक में एयरपोर्ट से जुड़ी अन्य आधारभूत परियोजनाओं पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। येरवडा जेल और कल्याणीनगर से एयरपोर्ट तक जाने वाली सड़कों के चौड़ीकरण और सौंदर्याकरण का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इसके लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। रनवे विस्तार को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट के आसपास वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई।
मंत्री मोहोल ने पर्यावरणीय परियोजनाओं पर भी जोर दिया। मुला-मुठा नदी सुधार योजना और समान जलापूर्ति योजना के लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। शहर में बढ़ते प्रदूषण और फुटपाथ अतिक्रमण पर चिंता जताते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। सांस्कृतिक परियोजनाओं के तहत एनडीए चौक पर छत्रपति शिवाजी महाराज स्मारक और बालगंधर्व रंगमंदिर के पुनर्विकास कार्यों को भी समयबद्ध पूरा करने पर बल दिया गया।
मेट्रो के अन्य विस्तार कार्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि वनाज से चांदनी चौक और रामवाडी से वाघोली मार्ग पर जल्द काम शुरू होगा। वहीं पीएमआरडीए के माध्यम से निर्माणाधीन हिंजवडी से शिवाजीनगर मेट्रो लाइन का कार्य अंतिम चरण में है और लगभग 94 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। कुल 23 स्टेशनों में से 13 प्रमुख स्टेशनों का कार्य अप्रैल अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस बीच, मेट्रो प्रशासन ने यात्री सुविधा और राजस्व सुरक्षा के लिए बड़ा तकनीकी बदलाव लागू किया है। 3 मार्च से सभी मेट्रो स्टेशनों पर ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन (एएफसी) गेट डिफॉल्ट रूप से बंद रहेंगे। अब यात्रियों को प्रवेश और निकास के लिए अनिवार्य रूप से क्यूआर कोड या मेट्रो कार्ड स्कैन करना होगा। यह व्यवस्था दिल्ली मेट्रो और मुंबई मेट्रो की तर्ज पर लागू की गई है।
केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन और देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में पुणे को आधुनिक और स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कर शहर को विश्वस्तरीय परिवहन सुविधा प्रदान की जाएगी।