डॉ. पंकज भोयर (सोर्सः सोशल मीडिया)
पुणे

एआई विद्यार्थियों को रचनात्मक बनाए, मशीन नहीं, पंकज भोयर ने पुणे में छात्रों को किया मार्गदर्शन

Entrepreneurship Through Education: स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने पुणे में एमआईटी विश्वप्रयाग विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में रटने के बजाय विचारशील पीढ़ी तैयार करने पर जोर दिया।

आंचल लोखंडे

Highlights:

  • डॉ. पंकज भोयर ने विद्यार्थियों में सवाल पूछने और स्वतंत्र रूप से सोचने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया।

  • प्रोजेक्ट और समस्या आधारित शिक्षा से विद्यार्थी नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार के अवसर पैदा करने में सक्षम बनेंगे।

  • एमआईटी विश्वप्रयाग विश्वविद्यालय की ओर से आईआईएसईआर पुणे में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया।

Pune National Education Policy: पारंपरिक शिक्षा पद्धति के बजाय विद्यार्थियों में सवाल पूछने, स्वतंत्र रूप से सोचने और समस्याओं का समाधान खुद तलाशने की क्षमता विकसित करना समय की मांग है। प्रोजेक्ट और समस्या आधारित शिक्षा नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति की असली ताकत है। इसके माध्यम से केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार के अवसर पैदा करने वाले उद्यमी तैयार होंगे, यह प्रतिपादन स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने किया।

स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा और उद्योग जगत के बीच समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से सोलापुर स्थित एमआईटी विश्वप्रयाग विश्वविद्यालय की ओर से पुणे स्थित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) में चौथे 'रीजनल रिसर्च सिम्पोजियम ऑन प्रोजेक्ट एंड प्रॉब्लम बेस्ड लर्निंग' का आयोजन किया गया है। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए डॉ. भोयर बोल रहे थे।

एमआईटी विश्वप्रयाग विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाट

कार्यक्रम की अध्यक्षता एमआईटी विश्वप्रयाग विश्वविद्यालय की कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. स्वाति कराड चाटे ने की। पुणे जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटिल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर डेनमार्क के अलबोर्ग विश्वविद्यालय के यूनेस्को पीबीएल सेंटर की निदेशक प्रो. जियांगयुन डू, अगस्त्य इंटरनेशनल फाउंडेशन के कार्यकारी उपाध्यक्ष के. त्यागराजन, एमआईटी विश्वप्रयाग विश्वविद्यालय के संस्थापक-कुलगुरु प्रो. गोपालकृष्ण जोशी और निदेशक राघवेंद्र चाटे सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

रोजगार देने वाले उद्यमी तैयार होंगे

डॉ. भोयर ने कहा कि 'पूर्व का ऑक्सफोर्ड' कही जाने वाली पुणे की समृद्ध शैक्षणिक विरासत को आगे बढ़ाने में एमआईटी शिक्षण संस्थान का महत्वपूर्ण योगदान है। विज्ञान और अध्यात्म को एक साथ जोड़कर शिक्षा देने का प्रो. डॉ. विश्वनाथ दा. कराड का सपना साकार करने की दिशा में एमआईटी विश्वप्रयाग विश्वविद्यालय ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को वास्तविक समस्याएं देकर उनका समाधान तलाशने का अवसर उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इससे उनमें जिज्ञासा और तार्किक चिंतन की क्षमता विकसित होगी।

संस्कृति और मूल्यों का संरक्षण भी जरूरी

कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और रोबोटिक्स के दौर में शिक्षकों को तकनीक का इस्तेमाल विद्यार्थियों की रचनात्मकता बढ़ाने के लिए करना चाहिए। गजानन पाटिल ने कहा कि समस्या आधारित शिक्षा का दायरा केवल इंजीनियरिंग और उच्च शिक्षा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे स्कूली शिक्षा के स्तर तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए शिक्षकों का प्रशिक्षण और क्षमता विकास महत्वपूर्ण है।

प्रो. स्वाति कराड चाटे ने कहा कि स्कूली और उच्च शिक्षा के बीच की खाई को पाटने के लिए शोध और नवाचार की संस्कृति स्कूली स्तर से ही विकसित करनी होगी। समस्या आधारित शिक्षा से विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, रचनात्मकता, सहयोग की भावना और संवाद कौशल विकसित होंगे। शिक्षा पद्धति भारतीय समाज की जरूरतों और समस्याओं के अनुरूप होनी चाहिए। दुनिया की बेहतरीन शैक्षणिक पद्धतियों को अपनाते समय भारतीय संस्कृति और मूल्यों का संरक्षण भी जरूरी है।

सम्मेलन में डेनमार्क, दक्षिण अफ्रीका, सिंगापुर और भारत के शिक्षाविद हिस्सा ले रहे हैं। इसमें प्रोजेक्ट और समस्या आधारित शिक्षा की वैश्विक एवं भारतीय सर्वोत्तम पद्धतियों पर चर्चा की जाएगी। विद्यार्थियों को व्यावहारिक गतिविधियों, अनुभव, शोध और आपसी सहयोग के माध्यम से सीखने के अवसर उपलब्ध कराना सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य है। कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. कृष्णकेदार गुमास्ते ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि श्रीप्रिया प्रतिनिधि ने संचालन किया।

एआई विद्यार्थियों को रचनात्मक बनाए, मशीन नहीं

स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने कहा कि शिक्षा सहित हर क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसी तकनीक का इस्तेमाल अब अनिवार्य हो गया है। इस तकनीक से विद्यार्थियों की रचनात्मकता बढ़नी चाहिए, न कि वे मशीन की तरह काम करने लगें। शिक्षक ही मूल्य शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को यह सिखा सकते हैं कि एआई का उपयोग मानव कल्याण और देश की प्रगति के लिए किस तरह किया जाए। एमआईटी जैसे अग्रणी शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षकों में विद्यार्थियों की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने की क्षमता है।

Aaj Ka Mausam: श्रीनगर में पारा -0.2°C पहुंचा; दिल्ली-यूपी में कोहरा और विदर्भ-MP में बारिश का अलर्ट

लतीफ भट को नसीब नहीं हुई गांव की मिट्टी; बौखलाया पाकिस्तान, शहबाज शरीफ ने आतंकी को बताया शहीद

नए साल से पहले सरकार ने BS-6 वाहन मालिकों को दी बड़ी राहत, जानें पुरानी गाड़ियों के मालिकों के लिए क्या बदला

Ahmedabad Plane Crash की जांच में कितना काम बाकी? सुप्रीम कोर्ट को केंद्र ने दिया जवाब, जानें क्या कहा?

मुंबई में केट मिडलटन का रॉयल रेड अवतार! आखिरी दिन ब्रिटिश डिजाइनर की ड्रेस में ढाया कहर