

ठाणे के भिवंडी में एफडीए ने छापा मारकर 2.06 करोड़ के खाद्य पदार्थ जब्त किए।
थिनर से एक्सपायरी डेट और एमआरपी मिटाकर नई तारीखें दोबारा प्रिंट की जा रही थीं।
गंभीर अनियमितताओं के चलते एफडीए ने DXP Ventures कंपनी का खाद्य लाइसेंस निलंबित किया।
Bhiwandi Food Safety Raid DXP Ventures India Pvt Ltd: ठाणे जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने गोपनीय सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2.06 करोड़ रुपये मूल्य के खाद्य पदार्थ जब्त किए हैं। भिवंडी ग्रामीण क्षेत्र में स्थित मेसर्स DXP Ventures India Pvt. Ltd. के गोदाम और प्रतिष्ठान पर छापेमारी की गई।
जांच में आयातित खाद्य पदार्थों की मूल निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट और एमआरपी मिटाकर उनमें कथित रूप से बदलाव करने का मामला सामने आया है। इस कार्रवाई के बाद 19 नवंबर को कंपनी का खाद्य व्यवसाय लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई की जानकारी के अनुसार, FDA के ठाणे विभाग-10 के सहायक आयुक्त योगेश ढाणे को इस संबंध में गोपनीय सूचना मिली थी। इसके आधार पर अधिकारियों ने कंपनी के गोदाम की जांच की।
प्रारंभिक निरीक्षण में सामने आया कि खाद्य पदार्थों के पैकेट पर दर्ज मूल निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और MRP को थिनर नामक रासायनिक पदार्थ से मिटाया जा रहा था। इसके बाद उन पर संशोधित तारीख और कीमत दोबारा प्रिंट अथवा स्टैम्प की जा रही थी।
मौके से थिनर, तारीख और एमआरपी की छपाई के लिए इस्तेमाल होने वाली स्टैम्पिंग मशीनें तथा अन्य संबंधित सामग्री भी बरामद हुई। FDA के अनुसार, इस तरह की कथित छेड़छाड़ से खाद्य पदार्थों की वास्तविक पहचान, उनकी उपयोग अवधि और गुणवत्ता संबंधी जानकारी प्रभावित हो सकती है। विशेष रूप से एक्सपायरी डेट में बदलाव होने पर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
कार्रवाई के दौरान स्पार्कलिंग वाटर, एनर्जी ड्रिंक, सऊदी कॉकटेल, सोडा, प्रीमियम सोडा वाटर, जिंजर सोडा और A2 बिलोना देसी घी सहित कुल 14 प्रकार के खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। जब्त सामग्री का घोषित कुल मूल्य 2,06,21,243 रुपये बताया गया है। सभी खाद्य पदार्थों को नियामक नियंत्रण में रखा गया है तथा उनके पैकेजिंग, लेबल, स्टॉक और संबंधित दस्तावेजों की जांच जारी है।
सार्वजनिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सक्षम लाइसेंसिंग प्राधिकारी एवं सहायक आयुक्त योगेश ढाणे ने कंपनी का खाद्य व्यवसाय लाइसेंस निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई में सहायक आयुक्त वाय. एच. ढाणे, सह आयुक्त (खाद्य) डॉ. सचिन जाधव के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के. वाय. चिपलूणकर और ए. वी. कांडेलकर शामिल रहे।