Pune Ketan Agarwal Murder Case Third Suspect Detained: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस ने तीसरे संदिग्ध को हिरासत में लिया है। उसकी पहचान चेतन चौधरी के सहपाठी रितेश हिंगे के रूप में हुई है। पुलिस को संदेह है कि रितेश को हत्या की कथित साजिश की पहले से जानकारी थी। जांच के आधार पर उसे मामले में सह आरोपी बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून को लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल की हत्या की कथित योजना के बारे में रितेश को जानकारी होने का संदेह है। बताया जा रहा है कि चेतन चौधरी और उसकी गर्लफ्रेंड सिया गोयल ने रितेश को भी लोहागढ़ चलने के लिए कहा था, लेकिन उसने उनके साथ जाने से इनकार कर दिया था।
जांच में पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रितेश को हत्या की योजना के बारे में वास्तव में कितनी जानकारी थी और उसने इस संबंध में किसी को कुछ बताया था या नहीं।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद चेतन चौधरी और सिया गोयल कथित तौर पर रितेश के संपर्क में थे। पुलिस को चेतन चौधरी के मोबाइल फोन से मिली जानकारी के आधार पर रितेश तक पहुंचने में मदद मिली।
इसके बाद पुलिस ने रितेश को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू की है। जांच एजेंसियां उसके और चेतन-सिया के बीच हुई बातचीत तथा संपर्कों की जानकारी भी खंगाल रही हैं।
रितेश हिंगे मूल रूप से बीड जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। फिलहाल वह पुणे के बालेवाड़ी इलाके में स्थित एक निजी कंपनी में काम करता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या से पहले और बाद में उसकी भूमिका क्या थी।
पुणे पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि रितेश को हत्या की साजिश की जानकारी थी या नहीं और उसे इस मामले में सह आरोपी बनाया जाएगा या नहीं। फिलहाल मामले में उसकी भूमिका को लेकर जांच जारी है।