Veer Hanuman Mitra Mandal: पुणे के प्रसिद्ध लक्ष्मी रोड पर गणेशोत्सव की शुरुआत के साथ ही एक अनोखा और सामाजिक जागरूकता से परिपूर्ण नजारा देखने को मिला। शहर के प्रसिद्ध 'वीर हनुमान मित्र मंडल' ने अपने गणपति रथ और सजावट के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के प्रमुख तुकाराम मुंढे की तस्वीरों वाले बड़े-बड़े पोस्टर लगाए। इन पोस्टरों के माध्यम से मंडल ने गणेशोत्सव के दौरान खाद्य पदार्थों और भगवान के प्रसाद में होने वाली मिलावट के खिलाफ एक बड़ा अभियान छेड़ा है।
गणपति रथ पर लगाए गए पोस्टरों पर 'नियम पालन के लिए होते हैं' और 'नैवेद्य (प्रसाद) में मिलावट बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी' जैसे सख्त और प्रेरक संदेश लिखे गए हैं। उल्लेखनीय है कि तुकाराम मुंढे के एफडीए प्रमुख के रूप में कमान संभालने के बाद से राज्य भर में खाद्य पदार्थों में मिलावट, खोवा, पनीर, दूध तथा एक्सपायर्ड व नकली दवाओं के खिलाफ बड़े पैमाने पर धरपकड़ और दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
गणेशोत्सव के दौरान मिठाइयों, दूध, मावा/खोवा और पनीर जैसी खाद्य सामग्रियों की खपत अत्यधिक बढ़ जाती है। इसका फायदा उठाकर कई असामाजिक तत्व और व्यापारी मिलावटी सामान बेचने का प्रयास करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए वीर हनुमान मित्र मंडल ने अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत श्रद्धालुओं और नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक करने के लिए यह अनोखा तरीका अपनाया है।
वीर हनुमान मित्र मंडल के इस प्रयोग की पुणे शहर के नागरिकों और श्रद्धालुओं द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। मंडलों द्वारा केवल पारंपरिक धार्मिक झांकियों तक सीमित न रहकर प्रशासनिक अधिकारियों के अच्छे कार्यों का समर्थन करने और मिलावटखोरी जैसे संवेदनशील जनहित के मुद्दे को उठाने से यह पहल चर्चा का केंद्र बन गई है।