Murder Outside Pune Court: पुणे शहर में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। आज दोपहर पुणे की एक अदालत में कानूनी कार्यवाही और पेशी के लिए पहुंचे हत्या के एक आरोपी पर हमलावरों ने बेरहमी से हमला किया। हमलावरों ने पहले युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। कोर्ट जैसे संवेदनशील इलाके के बाहर हुई इस खौफनाक वारदात से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।
इस पूरी घटना का एक बेहद विचलित करने वाला वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पीड़ित जिसकी पहचान मंदार मारुति किवले के रूप में हुई है, सड़क किनारे फुटपाथ पर लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ है। चार-पांच हमलावर उस पर लगातार काेयते से हमला कर रहे हैं।
हमलावरों के सिर पर इस कदर खून सवार था कि उन्होंने युवक को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। हथियार से वार करने के बाद उस पर फायरिंग की। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर पहले से तैयार खड़े दो स्कूटरों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
इस घटना का सबसे दुखद और चौंकाने वाला पहलू वहां मौजूद भीड़ की संवेदनहीनता रही। सामने आए कई वीडियो में देखा जा सकता है कि जब मंदार किवले फुटपाथ पर पड़ा तड़प रहा था और हमलावर उस पर वार कर रहे थे, तब आसपास काफी संख्या में लोग मौजूद थे। लेकिन डर और दहशत के माहौल के बीच किसी ने भी बीच-बचाव करने या घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की हिम्मत नहीं जुटाई। लोग दूर खड़े होकर इस खूनी खेल को महज एक तमाशे की तरह देखते रहे और वीडियो बनाते रहे।
पुणे पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला पुरानी रंजिश और बदले की कार्रवाई से जुड़ा नजर आ रहा है। जानकारी के मुताबिक, मृतक मंदार मारुति किवले खुद भी एक हत्या के मामले में आरोपी था। पुणे के संतोषनगर कटराज इलाके में जमीन और पैसों के लेन-देन के विवाद को लेकर 20 अप्रैल 2025 को शुभम सुभाष चव्हाण नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। इसी हत्याकांड में किवले को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
बताया जा रहा है कि मंदार किवले महज चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। आज जब वह इसी मामले से जुड़ी कानूनी कार्यवाही के लिए अदालत पहुंचा, तो पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे अपना निशाना बना लिया। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटा लिए हैं और सीसीटीवी फुटेज तथा वायरल वीडियो के आधार पर फरार हमलावरों की तलाश में कई टीमें रवाना कर दी हैं।