पुणे: कूरियर कर्मी ने उड़ाए थे 28 लाख के गहने और कैश, पुलिस ने 10 हजार किमी पीछा कर UP-उत्तराखंड से 4 को दबोचा

Pune Courier Company Case: पुणे पुलिस ने कूरियर कंपनी में गबन के मामले में 25 दिनों तक यूपी और उत्तराखंड में खाक छानने के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 26.33 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
Pune Courier Company Embezzlement Case
पुणे पुलिस ने कूरियर कंपनी में गबन के मामले में चार आरोपियाें को गिरफ्तार कियाप्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: AI
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • 28 लाख के गहने और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हुआ था कूरियर कर्मी।

  • पुणे पुलिस की टीम ने यूपी-उत्तराखंड में की ताबड़तोड़ छापेमारी।

  • आरोपियों के पास से कुल ₹26.33 लाख का माल बरामद।

  • 16.8 लाख के दो सोने के बिस्कुट, 7 लाख कैश और आभूषण जब्त।

Pune Courier Company Embezzlement Case: महाराष्ट्र की पुणे पुलिस ने कूरियर कंपनी में हुए एक बड़े गबन के मामले का पर्दाफाश करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुणे पुलिस ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार 25 दिनों तक चले सघन तलाश अभियान के बाद इस वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26.33 लाख रुपये मूल्य के सोने के बिस्कुट, आभूषण और नकदी भी बरामद की है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को इस पूरी कार्रवाई की जानकारी साझा की है।

क्या पुणे कूरियर गबन मामला?

पुणे पुलिस के मुताबिक, यह घटना 30 अक्टूबर की है। पुणे की एक कूरियर कंपनी में काम करने वाला 20 वर्षीय कर्मचारी सोने-चांदी के कीमती गहनों और नकदी से भरा एक बैग लेकर फरार हो गया था। इस बैग की कुल कीमत करीब 28 लाख रुपये आंकी गई थी और इसे मुंबई स्थित एक कार्यालय में पहुंचाया जाना था। जब कर्मचारी तय समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंचा और उसका संपर्क टूट गया, तो कंपनी की ओर से पुणे के खड़क पुलिस थाने में गबन की शिकायत दर्ज कराई गई।

रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ मिलकर रची थी साजिश

पुणे पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी विशाल सत्यपाल चौहान ने इस वारदात को अकेले अंजाम नहीं दिया था। उसने अपने भाई बिनेश सत्यपाल सिंह चौहान, दोस्तों विकास कुमार जाधोन और राधेश्याम उर्फ पिकू चौहान तथा अपने बहनोई बृजेश सुरेंद्र सिंह चौहान के साथ मिलकर इस पूरी लूट और गबन की साजिश रची थी।

Pune Courier Company Embezzlement Case
पुणे के मशहूर वैशाली और रूपाली रेस्टोरेंट पर FDA का बड़ा एक्शन! टॉयलेट के पास बन रहा था खाना, लाइसेंस सस्पेंड

पुणे पुलिस का 10,000 किलोमीटर का सफर

पुणे शहर में हुई घटना के बाद आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुणे पुलिस की विशेष टीम ने दिन-रात एक कर दिया। पुलिस टीम ने 25 दिनों के भीतर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 10,000 किलोमीटर से अधिक की यात्रा की और सुरागों का पीछा करते हुए तीन बार उत्तर प्रदेश का दौरा किया।

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से 4 आरोपी गिरफ्तार

आखिरकार, स्थानीय पुलिस के सहयोग से उत्तर प्रदेश के एटा, कासगंज और गौतमबुद्ध नगर जिलों के अलावा उत्तराखंड के देहरादून में एक साथ छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

Pune Courier Company Embezzlement Case
सुप्रिया सुले ने NCP के दोनों गुटों के विलय की खबरों पर लगाया फुलस्टॉप, NDA में शामिल होने पर कही ये बात

सोने के बिस्कुट और लाखों की नकदी बरामद

गिरफ्तारी के बाद हुई सख्त पूछताछ और तलाशी अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। आरोपी विकास कुमार जाधोन के घर से 120 ग्राम वजन के दो शुद्ध सोने के बिस्कुट बरामद किए गए, जिनकी बाजार कीमत करीब 16.8 लाख रुपये है। वहीं, बहनोई बृजेश चौहान के घर की तलाशी लेने पर सात लाख रुपये नकद, सोने की एक अंगूठी और चांदी की एक चेन बरामद हुई।

पुणे पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल 26.33 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की जा चुकी है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।