वैशाली और रूपाली रेस्टोरेंट में निरीक्षण करते FDA के अधिकारी फोटो नवभारत
पुणे

पुणे के मशहूर वैशाली और रूपाली रेस्टोरेंट पर FDA का बड़ा एक्शन! टॉयलेट के पास बन रहा था खाना, लाइसेंस सस्पेंड

Pune FDA Action: पुणे के एफसी रोड स्थित प्रसिद्ध वैशाली और रूपाली रेस्टोरेंट का फूड लाइसेंस FDA ने सस्पेंड कर दिया है। निरीक्षण में गंदगी और शौचालय के पास खाना बनाने जैसी गंभीर लापरवाही मिली।

आकाश मसने

Highlights

  • वैशाली और रूपाली रेस्टोरेंट के फूड बिजनेस लाइसेंस सस्पेंड

  • होटल वैशाली के अंदर शौचालय के पास बन रहा था डोसा-उत्तपम

  • दोनों रेस्टोरेंट में डाइन-इन, पार्सल और होम डिलीवरी पूरी तरह बंद रहेगी।

Hotel Vaishali and Rupali Restaurant License Suspended: पुणे शहर के एफसी रोड स्थित प्रसिद्ध होटल वैशाली और रूपाली रेस्टोरेंट के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के गंभीर उल्लंघन सामने आने के बाद दोनों प्रतिष्ठानों के खाद्य व्यवसाय लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कमियां दूर कर दोबारा जांच और विभाग की लिखित अनुमति मिलने तक दोनों होटल खाद्य पदार्थों की बिक्री, पार्सल और होम डिलीवरी नहीं कर सकेंगे।

‘सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र’ अभियान के तहत 13 नवंबर को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दोनों प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया था। जांच में होटल वैशाली को 98 में से केवल 58 अंक मिले और उसे 'नॉन-कम्प्लायंस' श्रेणी में रखा गया।

शौचालय के पास खाद्य सामग्री और खाना बनाने की व्यवस्था

होटल वैशाली (1218, एफसी रोड) की जांच में रसोई में जगह की कमी के कारण कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कच्चा माल रखने का फ्रीजर महिला शौचालय के पास, जबकि डोसा और उत्तपम बनाने का तवा पुरुष शौचालय के नजदीक रखा गया था। धुले हुए बर्तन भी शौचालय के सामने रखे टेबल पर पाए गए। इसके अलावा उबले आलू, पके हुए चावल और अन्य तैयार खाद्य पदार्थ खुले कॉरिडोर में रखे थे। इडली और डोसा का घोल भी असुरक्षित खुले स्थान पर तैयार किया जा रहा था।

जांच में कटी हुई कच्ची सब्जियां तैयार खाद्य पदार्थों के ऊपर रखने, रसोई में कीटरोधी दरवाजे नहीं होने, तापमान संबंधी रिकॉर्ड और पेयजल की अद्यतन जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होने जैसी कमियां भी मिलीं। निरीक्षण के समय FoSTaC प्रशिक्षित पर्यवेक्षक भी मौजूद नहीं था। उल्लेखनीय है कि जून 2026 में भी होटल को सुधार के लिए नोटिस दिया गया था, लेकिन दोबारा निरीक्षण में गंभीर खामियां मिलने पर उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।

रूपाली रेस्टोरेंट में भी स्वच्छता नियमों की अनदेखी

पुणे शहर के एफसी रोड स्थित रूपाली रेस्टोरेंट (1227/2) की जांच में भी रसोई खुली और असुरक्षित पाई गई। यहां धूल, गंदगी और कीटों के प्रवेश की आशंका थी। परिसर में पानी जमा होने, साफ-सफाई की कमी और कचरे के अनुचित प्रबंधन की बात सामने आई। कच्चे, अर्धप्रसंस्कृत और तैयार खाद्य पदार्थ बिना उचित ढक्कन के रखे गए थे। इन पर आवश्यक लेबल और 'यूज बाय' तारीख भी दर्ज नहीं थी।

इसके अलावा कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थों को अलग नहीं रखने, तापमान नियंत्रण के रिकॉर्ड, खाद्य सुरक्षा प्रबंधन योजना (FSMS), मानक संचालन प्रक्रिया (SOPs) और FoSTaC प्रशिक्षण से संबंधित दस्तावेजों की कमी भी पाई गई। सुनवाई के बाद 13 नवंबर को इस रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित करने के आदेश जारी किए गए।

लिखित अनुमति के बिना कारोबार पर रोक

खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के सह आयुक्त श्रीकांत आर. करकले के मार्गदर्शन में तथा पदनिर्देशित अधिकारी और सहायक आयुक्त (खाद्य) सय्यद इमरान हाश्मी के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार, दोनों प्रतिष्ठानों को सभी गंभीर खामियां दूर कर पुनः निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना होगा। विभाग से लिखित अनुमति मिलने तक खाद्य पदार्थों की बिक्री, पार्सल और होम डिलीवरी सहित किसी भी प्रकार का खाद्य व्यवसाय करने पर प्रतिबंध रहेगा।

- नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट

INS Betwa: 22 साल पुराने युद्धपोत की क्या है खासियत? भाप से चलता था इंजन, अब मिलेगी डीजल की ताकत

महादेव ऐप मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी

दिल्ली से बिहार, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और हैदराबाद का हवाई सफर हुआ दोगुना, 15 दिन में 50% तक बढ़ा किराया

जाकिर नाइक के IRF पर तीसरी बार प्रतिबंध क्यों लगा? जानिए 2016 से अब तक क्या-क्या हुआ

असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, मिनी बस और ट्रक की भिड़ंत में 26 लोगों की मौत