बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ने के दावे पर एकनाथ शिंदे की सफाई।
शिंदे बोले- कोई शिवसैनिक बालासाहेब का अपमान नहीं कर सकता।
पुणे शिवसेना संगठन में बड़े फेरबदल के संकेत, निष्क्रिय पदाधिकारियों की होगी छुट्टी।
Bal Thackeray Photo Row Maharashtra: महाराष्ट्र की राजनीति में शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर को लेकर शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। शिवसेना (शिंदे गुट) की प्रवक्ता शाइना एनसी पर बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने का आरोप लगा था।
इस मामले में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने शाइना एनसी का बचाव करते हुए स्पष्ट किया कि बालासाहेब ठाकरे का अपमान कोई भी शिवसैनिक नहीं कर सकता। शिंदे के मुताबिक, तस्वीर में बालासाहेब नहीं, बल्कि कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर का चेहरा फाड़ा गया था।
इस विवाद को गंभीरता से लेते हुए एकनाथ शिंदे ने शाइना एनसी को तलब किया था। उन्होंने शाइना से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और तस्वीर को लेकर स्पष्टीकरण मांगा। शिंदे ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे उनके लिए पूजनीय हैं। उनका अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शाइना एनसी ने अपनी सफाई दे दी है।
एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग अ जर्नी ऑफ़ लव को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि किताब में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर के बारे में अपमानजनक बातें लिखी गई हैं।
शिंदे ने राहुल गांधी पर भी सावरकर का बार-बार अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग खुद को हिंदुत्ववादी बताते हैं, वे सावरकर के आलोचकों के साथ कैसे खड़े हो सकते हैं।
शिंदे ने बिना नाम लिए उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी शिवसेना बालासाहेब के विचारों को लेकर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने सावरकर के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका बार-बार अपमान करना उचित नहीं है। शिंदे ने दावा किया कि जनता ने ऐसे राजनीतिक रुख को तीन बार खारिज किया है।
इस बीच पुणे शहर और जिले में शिवसेना के संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव की तैयारी है। उद्योग मंत्री उदय सामंत और विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहिर ने पुणे दौरे के दौरान इसके संकेत दिए। अगले 8 से 10 दिनों में नई नियुक्तियों की घोषणा हो सकती है।
सक्रिय और बेहतर प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों को जिम्मेदारी में पदोन्नति मिलेगी, जबकि निष्क्रिय पदाधिकारियों को संगठन से हटाया जा सकता है।