VIP Security Breach Rash Driving: महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी पुणे के शिवाजीनगर स्थित संचेती चौक के पास एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। केंद्रीय सहकारिता और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल के वीआईपी सुरक्षा काफिले (Security Convoy) के सामने एक 32 वर्षीय दोपहिया वाहन चालक ने तेज रफ्तार में लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए कट मार दिया। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वीआईपी सुरक्षा में तैनात अधिकारियों के होश उड़ गए।
यह घटना रविवार रात (13 सितंबर) करीब 8:30 बजे की है, जब केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल का काफिला व्यस्त संचेती चौक से गुजर रहा था। काफिले की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात सहायक पुलिस उपनिरीक्षक ईश्वर लक्ष्मण भिकुले की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए शिवाजीनगर पुलिस ने आरोपी बाइक सवार शुभम विजय वनित (उम्र 32 वर्ष, निवासी नाना पेठ, पुणे) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दर्ज प्राथमिकी (FIR) के अनुसार, शुभम ने अपनी दोपहिया गाड़ी को अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए मंत्री मुरलीधर मोहोल के काफिले की एक गाड़ी को अचानक ओवरटेक कर रास्ता काट दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के इस स्टंटनुमा और खतरनाक ड्राइविंग के कारण न केवल वीआईपी काफिले बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और पैदल यात्रियों की जान को भी भारी खतरा पैदा हो गया था।
शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (दूसरों के जीवन को खतरे में डालने वाली लापरवाही से ड्राइविंग) और मोटर वाहन अधिनियम (Motor Vehicles Act) की धारा 184 एवं 185 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।