स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को मिलेगा हितेंद्र ठाकुर का नाम।
बविआ ने बहुमत के दम पर प्रस्ताव किया पास।
बीजेपी ने नरवीर चिमाजी अप्पा का नाम रखने की मांग की।
बुलेट ट्रेन स्टेशन के नामकरण पर भी छिड़ी बहस।
Vasai Virar Sports Complex Naming Row: वसई-विरार महानगरपालिका के नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के नामकरण को लेकर शहर की राजनीति गरमा गई है। मनपा की महासभा में सत्ताधारी बहुजन विकास आघाड़ी (बविआ) ने बहुमत के आधार पर इस कॉम्प्लेक्स का नाम अपने नेता हितेंद्र ठाकुर के नाम पर रखने का प्रस्ताव पारित कर दिया है।
इस फैसले का भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने विरोध किया है। बीजेपी का कहना है कि ऐतिहासिक व्यक्तित्व नरवीर चिमाजी अप्पा के नाम को नजरअंदाज करना उचित नहीं है।
महासभा में नामकरण का प्रस्ताव पारित होने के बाद बविआ ने अपने फैसले का बचाव किया है। पालघर जिला के वसई-विरार महापौर अजीव पाटिल के अनुसार, यह निर्णय किसी दबाव में नहीं लिया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य, जिला और तालुका स्तर के 15-16 से अधिक खेल संगठनों ने लिखित रूप में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नाम लोकनेता हितेंद्र ठाकुर के नाम पर रखने की मांग की थी। इन संगठनों की भावनाओं और खिलाड़ियों की मांग को ध्यान में रखकर प्रस्ताव पारित किया गया।
बीजेपी ने इस फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी का कहना है कि वसई के ऐतिहासिक नायक नरवीर चिमाजी अप्पा के नाम पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नाम रखा जाना चाहिए था। विरोधी पक्षनेता मनोज पाटील के मुताबिक, बीजेपी ने इस संबंध में प्रस्ताव भी रखा था, लेकिन सत्ताधारियों ने बहुमत के दम पर उसे खारिज कर दिया।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के नामकरण के साथ ही बुलेट ट्रेन स्टेशन को नरवीर चिमाजी अप्पा का नाम देने की मांग भी चर्चा में आ गई है। मनोज पाटील ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी खुद की मनपा के कॉम्प्लेक्स का नाम अपने नेता पर रख रही है, जबकि केंद्र सरकार की परियोजना के स्टेशन के लिए महापुरुष का नाम सुझा रही है। उन्होंने इसे सत्ताधारियों का दोहरा रवैया बताया।
बविआ इसे खेल संगठनों और खिलाड़ियों की मांग बता रही है, जबकि बीजेपी इसे ऐतिहासिक नायक की उपेक्षा का मामला मान रही है। मनोज पाटील ने यह भी आरोप लगाया कि नामकरण के लिए न तो नियमों का पालन किया गया और न ही किसी समिति का गठन हुआ। इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ गया है।