पालघर जिले के विरार में बंद फ्लैट से तीन भाई-बहनों के शव मिले।
विरार पश्चिम की ग्लोबल सिटी स्थित के. एवेन्यू इमारत का फ्लैट नंबर 1203 की घटना।
मृतक 45 से 50 वर्ष की आयु के दो भाई और एक बहन।
पुलिस के मुताबिक एक भाई कैंसर से पीड़ित था और घर में पैसों की भारी तंगी थी।
Three Siblings Dead In Global City Virar: महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार इलाके से एक चौंकाने वाली सामने आया है। विरार के एक बंद फ्लैट से तीन सगे भाई-बहनों के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतकों में दो भाई और उनकी एक बहन शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इन तीनों ने सामूहिक रूप से आत्महत्या की है। हालांकि, मौत के असल कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
पालघर पुलिस ने बताया कि विरार पश्चिम की ग्लोबल सिटी स्थित के. एवेन्यू इमारत में यह घटना हुई। यहां एक बंद फ्लैट में तीन भाई-बहनों के शव मिले। इस कारण इलाके में सनसनी फैल गई। तीनों के शव गुरुवार को विंग डी के फ्लैट नंबर 1203 से बरामद किए गए।
बोलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश कावले ने बताया कि बीती रात पड़ोसियों ने संबंधित फ्लैट से दुर्गंध आने की सूचना दी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर फ्लैट के अंदर प्रवेश किया। वहां तीनों मृत अवस्था में मिले।
पालघर पुलिस के अनुसार, तीनों मृतकों की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि मृतकों में से एक ने अपनी मौत से पहले मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने आत्महत्या करने की बात कही थी।
हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस को आशंका है कि तीनों ने जहर का सेवन कर आत्महत्या की होगी।
बोलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश कावले ने बताया कि तीनों भाई-बहन में से एक भाई कैंसर से पीड़ित था और घर में पैसे की भी तंगी थी, जिसकी वजह से आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पालघर जिले की पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन में मिले वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि तीनों की मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।