Shiv Sena Workers Assaulting Palghar Hospital Staff: दहीहंडी के दौरान घायल गोविंदा के इलाज के बिल को लेकर पालघर के रिलीफ अस्पताल में आधी रात के बाद जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि सत्तारूढ़ शिवसेना के कुछ पदाधिकारी और उनके समर्थक अस्पताल में घुस गए और डॉक्टरों व कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, धमकी और मारपीट की।
विवाद उस समय शुरू हुआ, जब अस्पताल से छुट्टी के दौरान गोविंदा मंडली के सदस्यों को 19,866 रुपये का बिल दिया गया। CCTV फुटेज में एक व्यक्ति द्वारा रिसेप्शनिस्ट को थप्पड़ मारने और बीच-बचाव करने वाली महिला कर्मचारी को धमकाने की घटना सामने आई है।
अस्पताल कर्मचारी की शिकायत के मुताबिक, शिवसेना जिला प्रमुख कुंदन सांखे, नगर प्रमुख राहुल घरत और अन्य लोग आपातकालीन विभाग में पहुंचे और डॉक्टरों से बहस करने लगे। आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ लोग संक्रमण के लिहाज से प्रतिबंधित ICU क्षेत्र में भी घुस गए।
अस्पताल कर्मचारियों का दावा है कि वहां एक नर्स को धमकाया गया और घायल गोविंदा की IV ड्रिप तक निकाल दी गई। इसके बाद उसे अस्पताल से अपने साथ ले जाने का भी आरोप है। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा समुदाय में नाराजगी देखी जा रही है।
पालघर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और चिकित्सा सेवा संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में शिवसेना के कुंदन सांखे, राहुल घरत और स्थानीय विधायक राजेंद्र गावित के बेटे रोहित गावित समेत कम से कम 17 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।
कांग्रेस नेता अतुल लोंढे पाटिल ने घटना को शर्मनाक बताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद एक बार फिर अस्पतालों में डॉक्टरों और कर्मचारियों की सुरक्षा का मुद्दा सामने आया है।