Factory Wall Collapse 3 Workers Dead: पालघर जिले के वाडा तहसील में एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा का मुद्दा सामने आया है। पाली पोशेरी इलाके में स्थित 'टीना रबर' कारखाने के परिसर की दीवार अचानक गिरने से हुए हादसे में मलबे के नीचे दबकर 3 कामगारों की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही वाडा पुलिस थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दीवार के मलबे में दबे तीनों कामगारों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल ने काफी मशक्कत की। मलबा हटाने के बाद केशव गुणगुणा, रंजना कोंब और मीरा गवली के शव बरामद किए गए।
मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके में भीड़ जमा हो गई और परिजनों में शोक का माहौल है। दीवार किस कारण से गिरी, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और कारखाने में कामगारों की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। खास बात यह है कि महज दो दिन पहले सोलापुर जिले के बार्शी तहसील के वैराग में एक जर्जर मकान की दीवार गिरने से 2 महिलाओं की मौत हुई थी।
सोलापुर जिले के बार्शी तहसील के वैराग में खंदाड गली में तड़के हुए हादसे ने इलाके को झकझोर दिया। जर्जर मकान की दीवार अचानक गिरने से मीनल ठोंबरे और उनकी मौसी सुमन पारदे मलबे की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था।
इसी दौरान रास्ते में सुमन पारदे की मौत हो गई। वहीं, मीनल ठोंबरे को भी गंभीर चोटें आईं और उनका अस्पताल में इलाज कराया गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से भी हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।