Palghar Shiv Sena City Chief Suspended: पालघर के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों के साथ हुए दुर्व्यवहार की घटना को शिवसेना के मुख्य नेता और राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गंभीरता से लिया है। इस मामले का संज्ञान लेते हुए उन्होंने शिवसेना पालघर शहर प्रमुख राहुल घरत को पार्टी से निलंबित करने की घोषणा की है।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि पालघर में हुई घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। डॉक्टरों या अस्पताल के अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। ऐसी घटनाओं का शिवसेना कभी समर्थन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अगर मरीज के साथ किसी तरह की लापरवाही या गलत व्यवहार हुआ था, तो इसकी कानूनी शिकायत की जानी चाहिए थी। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेना ठीक नहीं है। शिवसेना इसका समर्थन नहीं करेगी।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि डॉक्टर के साथ मारपीट करने के मामले में शिवसेना पालघर शहर प्रमुख राहुल घरत को निलंबित कर उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाएगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में डॉक्टरों के साथ मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिवसेना ऐसी किसी भी घटना का समर्थन नहीं करेगी।
यह घटना शनिवार की देर शाम की है,जब घायल पांच गोविंदा को पालघर के रिलीफ अस्पताल लाया गया था, दो के सीने में चोटें थीं, जबकि अन्य को रीढ़, सिर और कंधे में चोटें आई थीं। घायलों के मेडिकल बिल को लेकर कहासुनी हुई। इस दौरान आरोप है कि महिला डॉक्टर लिगी मोल से बदसलूकी की गई।
रविवार सुबह पुलिस ने इस मामले में शिवसेना जिला प्रमुख कुंदन बालकृष्ण संखे, शिवसेना शहर प्रमुख राहुल रामदास घरत, विधायक राजेंद्र गावित के बेटे रोहित गावित, मनीष उर्फ विक्की संखे, साईराज पाटिल, राहुल संखे, मनोज घरत, नीलम संखे, शुभम बांदिवडेकर, ऋषभ वरे और 7-8 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज किया गया। उसके बाद सोमवार को राहुल घरत सहित 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया।