Nalasopara Mid Day Meal Pressure Cooker Blast: नालासोपारा (पश्चिम) स्थित जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को मिड-डे मील पकाते समय प्रेशर कुकर फटने से दो मासूम छात्र और एक रसोइया गंभीर रूप से झुलस गए थे।
हादसे के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी घायल छात्र गौतम गुड्डू प्रसाद (11) को कोई चिकित्सीय सहायता नहीं मिली और वह घर पर बिना इलाज तड़पता रहा। युवासेना (उद्धव गुट) के जिला प्रमुख अतुल मोटे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल जब पीड़ित छात्र के घर पहुंचा, तो प्रशासन की लापरवाही उजागर हुई।
स्कूल प्रबंधन पर लगाया आरोप, घर भेजने पर बवाल इसके बाद आनन-फानन में मासूम को मुंबई शहर के जे.जे. अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद स्कूल प्रशासन के रवैये पर सवाल खड़े हो गए हैं।
आरोप है कि दुर्घटना के तुरंत बाद घायल बच्चों को तत्काल आपातकालीन चिकित्सा सहायता देने के बजाय, स्कूल की प्रधानाध्यापिका ने न तो अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और न ही बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। इसके विपरीत घायल छात्र को बिना इलाज के उसके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक स्नेहा दुबे-पंडित सीधे मंत्रालय से अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायल छात्रों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और घटना की जानकारी ली। स्कूल प्रशासन की इस अक्षम्य लापरवाही पर विधायक ने सख्त नाराजगी जाहिर की।
उन्होंने संबंधित शिक्षकों और प्रधानाध्यापिका से जवाब-तलब करते हुए मांग की है कि घायलों का सर्वोत्तम संभव इलाज कराया जाए। साथ ही, मामले की तत्काल प्रशासनिक जांच कराकर दोषी प्रधानाचार्य और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
अतुल काकासाहेब मोटे ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद महापौर और नगरसेवक घटनास्थल का दौरा कर चले गए, लेकिन घायल बच्चे के इलाज के लिए 24 घंटे तक कोई आगे नहीं आया।
उन्होंने इसे शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन की गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।