Sinnar Farmer Financial Assistance: महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने सिन्नर तहसील के सूखाग्रस्त इलाकों का प्रत्यक्ष दौरा कर खेतों में फसलों की स्थिति का जायजा लिया। सूखे और बारिश न होने के कारण भारी संकट का सामना कर रहे किसानों को राहत प्रदान करते हुए उन्होंने बड़ी घोषणा की। कृषि मंत्री ने आश्वासन दिया कि आने वाले दो से तीन दिनों के भीतर अधिसूचना जारी कर शासन स्तर पर किसानों को जल्द से जल्द वित्तीय सहायता दी जाएगी।
अपने दौरे के दौरान कृषि मंत्री भरणे ने सिन्नर तहसील के धोंडवीरनगर गांव का दौरा किया। वहां उन्होंने स्थानीय किसानों ज्ञानेश्वर मुरलीधर सोनवणे और प्रकाश गोविंद कर्डक के खेतों में जाकर सोयाबीन तथा मूंगफली की सूख रही फसलों का बारकी से निरीक्षण किया। बारिश की कमी से फसलों को पहुंचे नुकसान और उससे उत्पन्न संकट के संबंध में उन्होंने किसानों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना। इस अवसर पर विधायक माणिकराव कोकाटे भी उनके साथ मौजूद थे।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने मंत्री को तहसील की समग्र सूखा स्थिति, फसल आंकड़ों और किसानों की समस्याओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रत्यक्ष निरीक्षण से नुकसान की गंभीरता स्पष्ट रूप से सामने आई। कृषि मंत्री ने अधिकारियों को त्वरित कदम उठाने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार इस कठिन घड़ी में पूरी मजबूती से किसानों के साथ खड़ी है।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण दौरे के दौरान प्रशासनिक स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें कृषि आयुक्त सूरज मांढरे, कृषि निदेशक विनय आवटे, विभागीय कृषि सह-निदेशक बाबासाहेब जेजुरकर, जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी रवींद्र माने, प्रांतीय अधिकारी दीपा जेधे और तहसील कृषि अधिकारी ज्ञानेश्वर नाठे शामिल थे। कृषि मंत्री के इस सीधे दौरे से क्षेत्र के पीड़ित किसानों की व्यथा शासन तक पहुंची है, जिससे उन्हें शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद जगी है।