Nashik Simhastha Kumbh Mela Railway Preparation: आगामी सिंहस्थ कुंभमेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने अभी से कमर कस ली है। इसी कड़ी में मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने भुसावल मंडल के कई प्रमुख स्टेशनों का प्रत्यक्ष दौरा कर तैयारियों का सघन जायजा लिया। इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों के दल ने देवलाली, नासिक रोड, ओढ़ा, कसबे सुकेणे और खेरवाड़ी स्टेशनों का दौरा किया। महाप्रबंधक ने कुंभमेले के दौरान संभावित भारी भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्टेशन परिसरों में भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट), आपातकालीन तैयारियों और ट्रेन के संचालन को सुचारु बनाए रखने से जुड़े विभिन्न पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने केवल सुरक्षा तक ही सीमित न रहकर आम यात्रियों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने प्लेटफॉर्म की साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, अतिरिक्त टिकट खिड़कियों के संचालन, यात्रियों के बैठने की व्यवस्था और स्टेशन पर लगाए गए सूचना पट्टों (डिस्प्ले बोर्ड) की गुणवत्ता की जांच की।
रेलवे प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कुंभमेले के दौरान जब करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु इन स्टेशनों से गुजरें, तो उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय रहते सभी अधूरी तैयारियों को पूरा कर लें ताकि अंतिम समय में किसी अपनेर अफरा-तफरी की स्थिति से बचा जा सके।
सिंहस्थ महाकुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला प्राधिकरण ने साधुग्राम और मंडप व्यवस्था की योजना की समीक्षा की। बैठक में साधुग्राम में बनने वाली अस्थायी सुविधाओं, बुनियादी ढांचे, पानी-बिजली, स्वच्छता, सुरक्षा तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों का एकीकृत नियोजन करने पर विशेष जोर दिया गया।
कुंभ मेला प्राधिकरण के आयुक्त शेखर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में नासिक महानगरपालिका आयुक्त मनीषा खत्री, अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप चौधरी, शहर अभियंता संजय अग्रवाल, कुंभ मेला प्राधिकरण के अतिरिक्त आयुक्त कमलाकर रणदिवे, सहायक आयुक्त अमोल चौधरी, तहसीलदार मकरंद दिवाकर सहित पुलिस, लोक निर्माण विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
वर्ष 2015 के कुंभ मेले की योजना और क्रियान्वयन में प्रत्यक्ष रूप से काम कर चुके नासिक महानगरपालिका के सेवानिवृत्त अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। बैठक में साधुग्राम में अखाड़ों के मंडप, विभिन्न पंडाल, सार्वजनिक आवास व्यवस्था, कुंभमेला कार्यालय, सेक्टर कार्यालय और वीआईपी कैंप सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।