नासिक सिंहस्थ कुंभ,(सोर्स- सोशल मीडिया) 
नासिक

नासिक कुंभ के लिए 22,425 करोड़ का मेगा प्लान तैयार! जानिए केंद्र सरकार की मदद को लेकर क्यों उठ रहे हैं सवाल?

Nashik Simhastha Kumbh: केंद्र ने बताया कि नासिक सिंहस्थ कुंभ के लिए महाराष्ट्र सरकार से पर्यटन मंत्रालय को कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। वहीं राज्य सरकार 22,425.39 करोड़ की विकास योजना पर काम कर रही है।

अंकिता पटेल

Nashik Simhastha Development Plan: नासिक में आयोजित होने वाले आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियां राज्य स्तर पर तेज़ी से चल रही हैं, लेकिन केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय को अब तक महाराष्ट्र सरकार की ओर से वित्तीय सहायता के लिए कोई औपचारिक प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि केंद्र सरकार की योजना के तहत मेलों और धार्मिक आयोजनों को आर्थिक सहायता तभी दी जाती है, जब संबंधित राज्य सरकार या केंद्र शासित प्रदेश निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप विस्तृत प्रस्ताव भेजते हैं।

पर्यटन मंत्रालय के अनुसार, यह योजना देशभर के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक मेलों तथा त्योहारों के विकास और प्रचार-प्रसार के लिए संचालित की जाती है। इसके तहत राज्यों से प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण करने के बाद ही केंद्रीय वित्तीय सहायता स्वीकृत की जाती है। हालांकि, अब तक महाराष्ट्र सरकार की ओर से नासिक सिंहस्थ कुंभ मेले के लिए कोई प्रस्ताव मंत्रालय को नहीं भेजा गया है।

वहीं दूसरी ओर, महाराष्ट्र सरकार ने सिंहस्थ कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर बड़े स्तर पर योजना तैयार कर ली है। राज्य सरकार के अनुसार, 13 मार्च 2025 को आयोजित एपेक्स कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में ₹22,425.39 करोड़ की व्यापक सिंहस्थ कुंभ विकास योजना को मंजूरी प्रदान की गई।

सिंहस्थ कुंभ के लिए 40 सदस्यीय एपेक्स कमेटी गठित

राज्य सरकार ने कुंभ मेले की तैयारियों और विकास कार्यों की निगरानी के लिए 40 सदस्यीय एपेक्स कमेटी का गठन किया है। इस समिति की अध्यक्षता मुख्यमंत्री करेंगे और यह कुंभ मेले से जुड़े सभी बड़े निर्णयों, विकास परियोजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की निगरानी करेगी।

इसके अलावा, आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए एक एग्जीक्यूटिव कमेटी भी बनाई गई है। यह समिति कुंभ मेले की समग्र योजना, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, आयोजन की तैयारियों और कार्यान्वयन की जिम्मेदारी संभालेगी। वहीं, कुंभ मेला मंत्रियों की समिति नीति संबंधी निर्णय लेने और विभिन्न विभागों के बीच तालमेल स्थापित करने का कार्य करेगी।

राज्य सरकार ने यह भी बताया कि एपेक्स कमेटी में नासिक लोकसभा क्षेत्र के सांसदों को भी शामिल किया गया है, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को विकास योजना में प्रभावी ढंग से शामिल किया जा सके।

सिंहस्थ कुंभ प्राधिकरण गठित, विकास कार्यों में आएगी तेजी

सिंहस्थ कुंभ से जुड़े विकास कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार ने नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेला प्राधिकरण का भी गठन किया है। यह प्राधिकरण विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने, परियोजनाओं की योजना बनाने, वित्तीय प्रबंधन, अधोसंरचना विकास और समयबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित करने का कार्य करेगा।

गौरतलब है कि सिंहस्थ कुंभ दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक माना जाता है, जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु नासिक और त्र्यंबकेश्वर पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क, रेल, जलापूर्ति, स्वच्छता, यातायात, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

राज्य सरकार का कहना है कि सभी विभागों के समन्वय से समय पर विकास कार्य पूरे किए जाएंगे, जबकि केंद्रीय सहायता के लिए आवश्यक प्रस्ताव निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भेजे जाने पर आगे की कार्रवाई होगी।

MLC Election Results Live: यूपी MLC चुनाव के परिणाम घोषित, बिहार में RJD ने BJP को हराया, काउंटिंग जारी

Cyclone Arnab Live Updates: चक्रवात अर्नब पर NDRF की नजर, जरूरत पड़ने पर चलाया जाएगा एयरलिफ्ट मिशन: NDRF DIG

RJD ने ढहाया BJP का किला, पटना MLC चुनाव में उलटफेर पर झूमे तेजस्वी यादव, EC की पारदर्शिता पर उठाए सवाल

बिहार MLC चुनाव परिणाम: पटना शिक्षक सीट पर 30 साल बाद BJP हारी, RJD के संजीव कुमार जीते, स्नातक पर मतगणना जारी

Jio Platforms Listing: जियो की धमाकेदार एंट्री से बदली कारोबारी समूहों की रैंकिंग, भावुक हुए मुकेश अंबानी