Nashik Municipal Corporation Urban Challenge Fund 2026: नासिक महानगरपालिका के नियोजित प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। केंद्र सरकार के अर्बन चैलेंज फंड 2026 के तहत शहर की विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इस योजना के अंतर्गत नासिक को 272.22 करोड़ रुपये का केंद्रीय अनुदान प्राप्त होगा, जिससे शहर के बुनियादी ढांचे के विकास को बड़ी गति मिलेगी।
इस निधि के माध्यम से जलापूर्ति, सीवरेज, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन विकास से जुड़ी कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा। आगामी सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 को ध्यान में रखते हुए नासिक को अधिक सक्षम, आधुनिक और भविष्य उन्मुख शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में यह मंजरी अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रहा है।
अर्बन चैलेंज फंड के तहत स्वीकृत परियोजनाओं की कुल लागत 1,088.88 करोड़ रुपये है। इसमें केंद्र सरकार का 25 प्रतिशत हिस्सा होगा, जबकि शेष राशि म्युनिसिपल बॉण्ड, सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) तथा राज्य सरकार और महानगरपालिका के योगदान से जुटाई जाएगी।
नासिक महानगरपालिका ने इससे पहले सफलतापूर्वक 400 करोड़ रुपये के म्युनिसिपल बॉण्ड जारी कर वित्तीय अनुशासन और विश्वसनीयता का मजबूत उदाहरण प्रस्तुत किया था। इसी सुदृढ आर्थिक प्रबंधन के आधार पर केंद्र सरकार ने नासिक के प्रस्तावों पर विश्वास जताते हुए यह निधि मंजूर की है। अर्बन चैलेंज फंड के माध्यम से नाशिक के शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी और शहर की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर फ्यूचर-रेडी और रेजिलिएंट सिटी के रूप में और मजबूत होगी। केंद्र सरकार के इस निर्णय से नासिक की दीर्घकालिक विकास योजनाओं को महत्वपूर्ण गति मिलेगी।
यह भी पढ़ें:- Ashok Kharat Case: ढोंगी बाबा से कनेक्शन ने बढ़ा दी रूपाली चाकणकर की टेंशन, ईडी ने भेजा समन
मिली मंजूरी नासिक वासियों के लिए गर्व की बात है। नियोजनबद्ध प्रयास, वित्तीय अनुशासन और पूरी टीम के समन्वय से यह सफलता मिली है। इस निधि के माध्यम से नासिक को अधिक सक्षम, स्वच्छ, सुंदर और भविष्य उन्मुख शहर बनाने का हमारा संकल्प है। - मनीषा खत्री, आयुक्त, नासिक महानगरपालिका