Nashik Candidate Spending Report: हाल ही में संपन्न हुए नासिक महानगरपालिका चुनावों में उम्मीदवारों द्वारा किए गए खर्च की आधिकारिक रिपोर्ट प्रशासन ने सार्वजनिक कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, शहर के 122 वार्डों के लिए मैदान में उतरे सभी 735 उम्मीदवारों ने समय सीमा के भीतर अपना हिसाब जमा कर दिया है।
आंकड़ों में सादगी और भव्यता का भारी अंतर देखने को मिला है। प्रशासनिक रिपोर्ट के अनुसार, खर्च के मामले में शिवसेना और भाजपा के उम्मीदवार सबसे आगे रहे।
प्रभाग 28 (ड) से शिवसेना के संदीप पाटिल ने सबसे ज्यादा 7,77,281 रुपये खर्च किए, वहीं, शिवसेना की ही सुवर्णा मटाले (7.72 लाख) और भाजपा की संध्या कुलकर्णी (7.09 लाख) भी शीर्ष खर्च करने वालों में शामिल रहीं।
निर्दलीय उम्मीदवारों ने सादगी की मिसाल पेश की। प्रभाग 14 (क) से मयूरी गायकवाड और प्रभाग 26 (ब) से चंचल साबले ने केवल 2,500 रुपये में अपना चुनावी अभियान पूरा किया।
चुनावी धांधली रोकने के लिए प्रशासन ने प्रचार सामग्री और खान-पान के दाम पहले ही तय कर दिए थे। सादी थाली 80 रुपये और डीलक्स थाली 150 रुपये तय की गई थी। नाश्ते में वड़ापाव 12 रुपये और मिसल पाव 65 रुपये के भाव से जोड़ा गया। कट चाय के लिए 5 रुपये और फुल चाय के लिए 10 रुपये का दर निर्धारित था।
मनपा के लेखापरीक्षण अधिकारी बलवंत गायकवाड ने बताया कि महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम 1949 की धारा 10 (1 ई) के तहत सभी उम्मीदवारों ने अपना विवरण समय पर दिया है।
किसी भी उम्मीदवार ने निर्धारित खर्च सीमा का उल्लंघन नहीं किया है, जिसके कारण किसी को भी अयोग्य घोषित करने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
4 मार्च को यह पूरी रिपोर्ट राज्य चुनाव आयोग को भेज दी गई है।