गिरीश महाजन और डॉ. राजेंद्र सिंह (फोटो नवभारत)
नासिक

हरित कुंभ का संकल्प, स्वच्छ नासिक का सपना, वॉटरमैन ऑफ इंडिया जनता को करेंगे संबोधित

Rajendra Singh Public Participation: सिंहस्थ कुंभ से पहले नासिक को स्वच्छ और हरित बनाने की तैयारी तेज है। 'उन्नत नासिक' अभियान में गोदावरी संवर्धन, पौधारोपण और जनभागीदारी पर जोर रहेगा।

आलोक उमाकृष्ण

Green Kumbh Rajendra Singh Public Participation: नासिक शहर को स्वच्छ, हरित, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए उन्नत नासिक अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए सोमवार, 24 अगस्त को एक विशेष मार्गदर्शन सभा का आयोजन किया गया है।

यह सभा वॉटरमैन ऑफ इंडिया एवं रमन मैगसेसे पुरस्कार से सम्मानित डॉ. राजेंद्र सिंह तथा नासिक के पालकमंत्री श्री गिरीश महाजन की विशेष उपस्थिति में संपन्न होगी। स्व. सदाशिव भोरे नाट्यगृह (कला मंदिर), हिरावाड़ी, पंचवटी, नासिक में दोपहर 3 बजे आयोजित होने वाली इस सभा में डॉ. राजेंद्र सिंह पर्यावरण-समृद्ध नासिक एवं हरित कुंभ की दिशा में जनभागीदारी विषय पर मार्गदर्शन करेंगे।

इस अवसर पर पालकमंत्री गिरीश महाजन समेत विभिन्न विषय-विशेषज्ञ भी अपने विचार साझा करेंगे। नासिक में आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले की पृष्ठभूमि में पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्नत नासिक अभियान के माध्यम से जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण (ग्राउंडवाटर रीचार्ज), नदी संवर्धन, व्यापक पौधारोपण और प्लास्टिक-मुक्त कुंभ के लिए जन-आंदोलन खड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है।

गोदावरी संवर्धन को प्राथमिकता

गोदावरी नदी नासिक के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक जीवन का अभिन्न अंग है। इसलिए नदी संवर्धन, इसकी पवित्रता और पर्यावरणीय समृद्धि को बनाए रखने के साथ-साथ भूजल स्तर बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर इस अभियान में विशेष बल दिया जा रहा है।

इसके साथ ही नासिक शहर और आसपास के क्षेत्रों को वृहद स्तर पर हरा-भरा बनाने के लिए पौधारोपण करने, प्लास्टिक कचरे को कम करने और नागरिकों में पर्यावरणीय जागरूकता पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है। विशेष रूप से युवा पीढ़ी को इस पर्यावरण संरक्षण अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

ब्रह्मगिरि क्षेत्र में विशेष पौधारोपण

इस अभियान के तहत सोमवार, 24 अगस्त को सुबह 9:30 बजे गोदावरी उद्गम स्थल परिसर, ब्रह्मगिरि (त्र्यंबकेश्वर) में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। गोदावरी की उद्गम भूमि से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हरित कुंभ की संकल्पना को अधिक व्यापक बनाने का प्रयास किया जाएगा।

हरित कुंभ के लिए जनभागीदारी का आह्वान

आगामी सिंहस्थ कुंभ मेला केवल एक धार्मिक और आध्यात्मिक पर्व न रहकर पर्यावरण-अनुकूल और जनभागीदारी से साकार होने वाला हरित कुंभ बने, इसके लिए प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों, गैर-सरकारी संगठनों, पर्यावरण प्रेमियों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया है।

स्वच्छ नासिक, हरित नासिक, सुंदर नासिक, उन्नत नासिक की संकल्पना को एक जन-आंदोलन का रूप देने में यह विशेष मार्गदर्शन सभा अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।

मणिपुर के सेनापति जिले में भड़की हिंसा, घरों में लगाई आग, CRPF जवान घायल, चश्मदीद ने बताई खौफनाक दास्तां

तमिलनाडु में मुफ्त योजनाओं का ऐलान, साल में 3 फ्री LPG सिलेंडर, महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स के लिए मुफ्त बस सफर

इनके आगे गिरगिट भी शर्मिंदा...CM योगी ने कांग्रेस के दोहरे आचरण पर बोला हमला, राहुल को ग्रंथ पढ़ने की दी नसीहत

BRICS मीटिंग से पहले अजीत डोभाल का चीन दौरा, रिश्तों में फिर आई तेजी, अगले महीने दिल्ली आ सकते हैं शी जिनपिंग

मछली शाकाहारी से आस्था का अपमान तक, अजय राय के भोज पर गरमाई सियासत, कहा- कथनी और करनी में अंतर