Ashok Kharat Case SIT Charge Sheet: नासिक सेक्स स्कैंडल का ढोंगी बाबा अशोक खरात के खिलाफ जांच तेज करते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) ने यौन शोषण से जुड़े दो मामलों में अदालत में करीब 1,200 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है।
मामले में पीड़ित महिलाओं की बदनामी रोकने के लिए साइबर पुलिस की मदद से 13,175 आपत्तिजनक वीडियो लिंक हटाई गई हैं, जबकि ऐसे वीडियो बार-बार पोस्ट करने वाले 451 सोशल मीडिया अकाउंट स्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते के आदेश पर 20 मार्च से अशोक खरात से जुड़े मामलों की जांच एसआईटी को सौंपी गई थी।
24 सदस्यीय इस विशेष जांच दल में दो पुलिस उपाधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। नासिक और अहिल्यानगर जिलों में खरात के खिलाफ कुल 17 मामले दर्ज हैं। इनमें से 11 मामलों की जांच एसआईटी कर रही है।
इनमें महिलाओं से दुष्कर्म से जुड़े 8 मामले और धोखाधड़ी का एक मामला शामिल है। इसके अलावा, खुद को बचाने के लिए खरात द्वारा गवाहों पर झूठा रंगदारी का मामला दर्ज कराने और शिकायतकर्ता पर दबाव डालने के आरोप में दर्ज दो अन्य मामलों की जांच भी एसआईटी के पास है।
एसआईटी प्रमुख तेजस्थिनी सातपुते ने बताया कि नए कानून के अनुसार महिलाओं से जुड़े मामलों में एफआईआर दर्ज होने के 60 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल करना अनिवार्य है। 17 मार्च को दर्ज पहले मामले सहित अब तक दो मामलों में नासिक अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है और जैसे-जैसे नए सबूत सामने आएंगे, अदालत में पूरक चार्जशीट भी दाखिल की जाएगी।
ये भी पढ़ें :- Maharashtra Cabinet Decisions: फडणवीस सरकार का अहम निर्णय, संतरा आयात ड्यूटी रिफंड स्कीम बंद