Nashik FDA Action Before Ganeshotsav: गणेशोत्सव से पहले खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने नासिक में बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात से लाई गई 2,155 किलो 'स्पेशल स्वीट बर्फी' का स्टॉक नष्ट कर दिया।
जब्त मिठाई की कीमत करीब 5 लाख 58 हजार 267 रुपये बताई गई है। मिठाई के अस्वच्छ और नियमों के विपरीत परिवहन तथा आवश्यक दस्तावेजों में खामियां मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
एफडीए को मिली सूचना के आधार पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नासिक जिले के द्वारका इलाके में तड़के छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान सामने आया कि गुजरात से ‘विजय’ और ‘बलदेव’ नामक निजी ट्रैवल्स बसों के जरिए बड़ी मात्रा में ‘स्पेशल स्वीट बर्फी’ नासिक लाई जा रही थी।
अधिकारियों ने जब मिठाई के परिवहन की स्थिति की जांच की तो नियमों से जुड़ी कई खामियां सामने आईं। बर्फी दुग्ध उत्पाद होने के बावजूद उसे निर्धारित तापमान नियंत्रण और आवश्यक खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं ले जाया जा रहा था।
परिवहन के दौरान तापमान बनाए रखने की उचित व्यवस्था नहीं होने से खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए। इसके बाद एफडीए की टीम ने पूरी खेप को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने मामले में आवश्यक दस्तावेजों और परिवहन संबंधी नियमों की भी जांच की।
एफडीए की कार्रवाई के बाद जब्त की गई बर्फी को सीधे मिलावटी या जहरीला बताना उचित नहीं होगा। अधिकारियों की कार्रवाई मुख्य रूप से मिठाई के अस्वच्छ और नियमों के विपरीत परिवहन तथा आवश्यक दस्तावेजों में पाई गई खामियों के आधार पर की गई है।
खाद्य पदार्थ की वास्तविक गुणवत्ता और उसमें किसी प्रकार की मिलावट की स्थिति प्रयोगशाला जांच की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इसलिए फिलहाल बर्फी की गुणवत्ता को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़े तथ्य सामने आएंगे। फिलहाल अस्वच्छ एवं नियमों के विपरीत परिवहन और दस्तावेजों से जुड़ी खामियां कार्रवाई का आधार बनी है। गणेशोत्सव जैसे त्योहारों के दौरान मिठाई और दुध उत्पादों की मांग बढ़ जाती है।