

Chhatrapati Sambhajinagar Illegal Tobacco Smuggling: समृद्धि महामार्ग के माध्यम से महाराष्ट्र में लाए जा रहे प्रतिबंधित पान मसाला और सुगंधित तंबाकू के बड़े जखीरे का खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने पर्दाफाश किया है। दौलताबाद क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में कुल 60 लाख 80 हजार 400 रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया। जब्त सामग्री में 42 लाख रुपये से अधिक मूल्य का पान मसाला और जर्दा तथा लगभग 18 लाख रुपये मूल्य का मालवाहक ट्रक शामिल है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रशांत कुचेकर की शिकायत के अनुसार, समृद्धि महामार्ग से प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों की तस्करी किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद गुरुवार रात लगभग 10 बजे एक आयशर ट्रक को रोककर उसकी जांच की गई। चालक से माल के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका। संदेह बढ़ने पर वाहन को दौलताबाद पुलिस थाने लाकर विस्तृत जांच की गई।
जांच के दौरान ट्रक से रजनीगंधा पान मसाला के 3,360 बॉक्स तथा तुलसी रॉयल जाफरानी जर्दा के 3,360 पैकेट बरामद हुए। अधिकारियों के अनुसार पान मसाला की कीमत 34 लाख 94 हजार 400 रुपये तथा जर्दा की कीमत 7 लाख 56 हजार रुपये है। यह माल इंदौर से मुंबई ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने ट्रक चालक बलबीर सिंह, इंदौर के आपूर्तिकर्ता संजय माथा, मुंबई के खरीदार करण सोलंकी, संबंधित उत्पादक कंपनियों के प्रतिनिधियों तथा अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक वसंत शेलके कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार समृद्धि महामार्ग का उपयोग कर प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू की तस्करी के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। इसी कारण खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस विभाग ने निगरानी और जांच अभियान को और अधिक सख्त कर दिया है।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट