Ambad CFS Nashik: भारत द्वारा पाकिस्तान से होने वाले वस्तुओं के आयात पर लगाई गई पाबंदी को दरकिनार करने के प्रयास को नाकाम करते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने पाकिस्तान मूल के 362 मीट्रिक टन से अधिक सूखे खजूर जब्त किए हैं।
डीआरआई अधिकारियों ने विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर नासिक के अंबड स्थित कंटेनर फ्रेट स्टेशन (सीएफएस) में मुंबई की एक कंपनी द्वारा आयात किए गए सूखे खजूर से भरे 13 कंटेनरों को रोका। ये कंटेनर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के जेबेल अली से आए थे। आयात दस्तावेजों में माल का मूल देश यूएई दर्शाया गया था।
प्रारंभिक जांच में पाकिस्तान मूल के माल की पहचान छिपाने के लिए सुनियोजित तरीके से तीसरे देश के जरिए माल भेजे जाने का खुलासा हुआ है। सूखे खजूरों को पहले पाकिस्तान के कराची बंदरगाह से एक जहाज में कंटेनरों के जरिए यूएई के जेबेल अली बंदरगाह भेजा गया था। जेबेल अली में माल को केवल दूसरे कंटेनरों में स्थानांतरित किया गया। इसके बाद पाकिस्तानी नागरिकों द्वारा संचालित संस्थाओं के माध्यम से दूसरे जहाज पर माल लादकर भारत के लिए रवाना किया गया।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर पाकिस्तान से सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से आयात होने वाली अथवा पाकिस्तान से निर्यात की जाने वाली सभी वस्तुओं के आयात और पारगमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। 2 मई 2025 को विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने अधिसूचना क्रमांक 06/2025-26 जारी कर यह प्रतिबंध लागू किया था। इसके बाद डीआरआई ‘ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट’ के तहत तीसरे देश के रास्ते भारत लाए जाने वाले पाकिस्तान मूल के माल की लगातार पहचान कर उसे रोकने और जब्त करने की कार्रवाई कर रहा है।
इस कार्रवाई से गलत जानकारी देकर, माल को दूसरे देशों के जरिए भेजकर और दस्तावेजों में हेरफेर कर व्यापार प्रतिबंधों को दरकिनार करने वाले संगठित नेटवर्क का पता लगाने, उन्हें रोकने और ध्वस्त करने के डीआरआई के संकल्प को बल मिला है। राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ आपूर्ति श्रृंखला की अखंडता बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।