Nashik Airport Expansion: नासिक एयरपोर्ट के विस्तार का कार्य जल्द ही शुरू होने जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन समारोह 8 फरवरी को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कर-कमलों द्वारा राज्य के प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में संपन्न होगा।
मुख्यमंत्री फडणवीस, जिन्होंने पूर्व में नासिक को गोद लेने की घोषणा की थी, उनके दूरदर्शी नेतृत्व और विकासोन्मुख दृष्टि के तहत नासिक एयरपोर्ट का कायाकल्प करने का निर्णय लिया गया है। आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए मंत्री गिरीश महाजन के मार्गदर्शन में यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप विमानतल की क्षमता बढ़ाई जा रही है।
इस विस्तार से नासिक और उत्तर महाराष्ट्र के अंबड, सातपुर, सिन्नर, मालेगांव, इगतपुरी सहित धुलिया, जलगांव, भुसावल, चालीसगांव, मनमाड और नंदुरबार जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को बड़ा लाभ होगा। तेज कार्गो सुविधा और आधुनिक लॉजिस्टिक्स के कारण स्थानीय उद्योगों (ज्वेलरी, टेक्सटाइल, फार्मा, एग्रो-प्रोसेसिंग) को वैश्विक बाजार से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
नासिक जिले के अंगूर, प्याज और अनार जैसे कृषि उत्पादों के निर्यात को नई गति मिलेगी। आधुनिक कोल्ड-चेन सुविधा से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। वहीं कुंभ मेले के दौरान एयर एम्बुलेंस, सुरक्षा बलों की त्वरित आवाजाही और आपदा प्रबंधन में यह एयरपोर्ट मील का पत्थर साबित होगा। इस आधुनिक विमान अड्डे के निर्माण की जिम्मेदारी उसी कंपनी को दी गई है, जिसने पूर्व में मात्र 11 महीनों में नासिक एयरपोर्ट का निर्माण पूरा किया था. कंपनी ने इस बार भी 11 महीने के रिकॉर्ड समय में परियोजना पूरी करने का संकल्प जताया है।
ये भी पढ़े: ‘मैंने कहा था…’, BMC मेयर के लिए रितु तावड़े की उम्मीदवारी पर नितेश राणे का बड़ा बयान, विरोधियों पर कसा तंज
समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, छगन भुजबल, गिरीश महाजन, दादा भूसे सहित कई कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि समृद्धि महामार्ग और प्रस्तावित वाढवण बंदरगाह के साथ नासिक की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। यह महाराष्ट्र का पांचवां सबसे आधुनिक विमानतल बनेगा, जिससे राज्य के 21 जिलों को यात्री और कार्गो परिवहन के लिए तेज हवाई सेवा उपलब्ध होगी।