Illegal Gutkha Smuggling Busted: नासिक राजमार्ग पर स्थित बोरटेंभे शिवार में 3 अगस्त की शाम अन्न व औषधि प्रशासन ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है। राज्य में प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू और गुटखे की अवैध तस्करी को नाकाम करते हुए लगभग 79 लाख 27 हजार 192 रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एफडीए की टीम ने जन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक और प्रतिबंधित गुटखा, प्रीमियम राज निवास सुगंधित पान मसाला और जाफरानी जर्दा (सुगंधित तंबाकू) का अवैध जखीरा पकड़ा है। यह माल आयशर ट्रक (DD 01 Z9360) के जरिए भिवंडी में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।
एफडीए टीम ने बोरटेंभे फाटा के पास नाकाबंदी कर इस जखीरे को रंगे हाथों जब्त किया। इस संबंध में एफडीए सुरक्षा अधिकारी सुहास जिभाऊ मंडलिक (नासिक विभाग) की शिकायत पर इगतपुरी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने वाहन चालक दिनेश पूनमचंद शर्मा (47, इंदौर, मध्य प्रदेश) और जालिम सिंह (इंदौर) सहित भिवंडी के अज्ञात खरीदार और वाहन के अज्ञात मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और खाद्य सुरक्षा व मानक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि आरोपियों के खिलाफ इसी प्रकार का अपराध 3 जुलाई 2026 को भी इगतपुरी पुलिस स्टेशन में दर्ज किया जा चुका है। पुलिस ने प्रतिबंधित पान मसाला, तंबाकू और परिवहन में इस्तेमाल आयशर ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस निरीक्षक घनश्याम बलप के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक अमोल गायधनी और उनकी टीम मामले की आगे की जांच कर रही है।