Nashik Fake Currency Racket Busted: नासिक-त्र्यंबकेश्वर रोड पर नकली नोट छापने वाले एक बड़े रैकेट का नाशिक ग्रामीण और शहर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पर्दाफाश किया है। तलेगांव स्थित एक बंगले में गुप्त रूप से चलाए जा रहे नकली नोटों के कारखाने पर पुलिस ने छापा मारकर उसे ध्वस्त कर दिया।
मौके से लाखों रुपए की नकली करेंसी के साथ नोट छापने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और केमिकल भी बरामद किया गया है। मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बेहद शातिर तरीके से नकली नोट तैयार कर रहे थे। इसके लिए असली नोटों को एक विशेष केमिकल में डुबोकर उनकी स्याही दूसरे कागज पर उतारी जाती थी। इसके बाद इसी प्रक्रिया से हूबहू दिखाई देने वाले नकली नोट तैयार किए जाते थे।
आरोपी 10 लाख रुपए की असली करेंसी के बदले 30 लाख रुपए की नकली नोट देने का लालच देकर लोगों से सौदा करते थे। इसी तरह का एक सौदा चल रहा था। इसकी जानकारी पुलिस को मिलने के बाद जाल बिछाकर कार्रवाई की गई और रैकेट का भंडाफोड़ कर दिया गया। मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अमरेश्वर आईथा, दासरी सत्यइ, गोकुल दाते, हिरामण दाते और मच्छिंद्र घनदाट का समावेश है।
नासिक-त्र्यंबकेश्वर रोड पर तलेगांव परिसर में स्थित एक निजी बंगले में यह अवैध कारोबार चल रहा था। पुलिस ने यहां छापा मारकर नकली नोट तैयार करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला केमिकल, प्रिंटिंग सामग्री और तैयार किए गए लाखों रुपए के नकली नोट बरामद किए हैं।
इस रैकेट के तार नासिक से लेकर तेलंगाना तक जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा नकली करेंसी को कहां-कहां खपाया जा रहा था। मामले की आगे जांच जारी है।