

Abhijit Deepke Gen Z Protest Cases Withdrawal: छत्रपति संभाजीनगर महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक (DGP) सदानंद दाते ने कहा कि कॉक्रोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके मई माह से पुलिस के संपर्क में हैं।
अमेरिका में रहने के दौरान भी उनसे लगातार संवाद होता रहा। उस समय दीपके ने अपने माता-पिता की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की थी, जिसके बाद पुलिस ने उनके परिवार के संपर्क में रहकर आवश्यक कदम उठाए।
छत्रपति संभाजीनगर पुलिस आयुक्तालय एवं विशेष परिक्षेत्र की समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में दाते ने बताया कि जंतर-मंतर आंदोलन के बाद विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन में शामिल जेन-ज़ी आंदोलनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि युवाओं की उम्र और उनकी मानसिकता को समझना जरूरी है। संवाद के माध्यम से उन्हें सही दिशा देना पुलिस की प्राथमिकता है।
डीजीपी सदानंद दाते ने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस की प्राथमिकता सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करना है। उन्होंने बताया कि राज्य में सड़क सुरक्षा अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और पिछले वर्ष की तुलना में सड़क हादसों में होने वाली मौतों में 540 की कमी दर्ज की गई है।
हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उपलब्धि पर्याप्त नहीं है और दुर्घटनाओं को और कम करने के लिए पुलिस विभाग विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर अभियान चलाता रहेगा। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के प्रभावी पालन और जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया जाएगा।
डीजीपी ने पुलिस भर्ती की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग में रिक्त लगभग 22 हजार पदों में से 16 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। शेष अधिकांश उपनिरीक्षक (PSI) पद महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) के माध्यम से भरे जाएंगे।
इसके अलावा, वर्तमान में 11 जिलों में संचालित 'सेव लाइफ फाउंडेशन' परियोजना का विस्तार राज्य के अन्य जिलों में भी किया जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की जान बचाने के प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।