Malegaon Ganeshotsav: गणेशोत्सव के अवसर पर महाराष्ट्र के स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने अपने आवास पर परिवार के साथ गणराय की स्थापना कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान उन्होंने गणपति बप्पा से राज्य में शांति, खुशहाली और अच्छी बारिश की कामना की।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री दादा भुसे ने मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटील से अपील करते हुए कहा कि किसी भी शुभकार्य की शुरुआत हम श्री गणेश की पूजा से करते हैं और गणेशोत्सव पूरे राज्य में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मराठा समाज की काफी मांगों को सरकार ने स्वीकार किया है। यदि कुछ मांगें अभी बाकी हैं, तो सरकार उन पर भी निश्चित रूप से सकारात्मक रुख अपनाएगी। दादा भुसे ने कहा कि उन्हें इस बात की पूरी जाणीव है कि मराठा समाज के कुछ परिवारों की आर्थिक स्थिति नाजुक है। कष्टकरी और जरूरतमंद समाजबंधुओं को न्याय मिलना चाहिए, इस बात पर किसी को भी दो राय नहीं हो सकती। जो मुद्दे अभी शेष हैं, उन्हें आने वाले समय में सरकार की ओर से निश्चित रूप से हल करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने मनोज जरांगे पाटील से इस दिशा में सकारात्मक भूमिका अपनाने का आग्रह किया।
समान नागरिक कानून को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री दादा भुसे ने कहा कि सभी को इस निर्णय का स्वागत करना चाहिए। इस कानून के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति को समान न्याय मिलने की भावना है। उन्होंने कहा कि भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा संविधान लिखे जाने के पीछे मूल भावना यही थी कि समाज के सभी वंचित और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा में लाया जाए तथा सभी को समान न्याय मिले। समाज का अंतिम और पिछड़ा घटक भी न्याय से वंचित न रहे, यही संविधान की भावना है।
उन्होंने आगे कहा कि जो वर्ग किसी कारणवश पीछे रह गए हैं, उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए प्रयास होना चाहिए। समान नागरिक कानून के निर्णय का सभी को स्वागत करना चाहिए। गणेशोत्सव के अवसर पर दादा भुसे के आवास पर पूरे परिवार ने गणराय की आरती की। इस दौरान उन्होंने गणपति बप्पा से राज्य में अच्छी बारिश होने, किसानों एवं आम जनता के जीवन में सुख-समृद्धि आने तथा सभी के कल्याण की प्रार्थना की।